Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को पहचानें

    By Edited By:
    Updated: Thu, 27 Oct 2016 06:43 PM (IST)

    देश में जन्मे प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का भाव रखना ही सच्ची राष्ट्र से ...और पढ़ें

    Hero Image

    देश में जन्मे प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का भाव रखना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। राष्ट्र जैसे छोटे से शब्द में विशाल असीमित और बहुआयामी अर्थ और कर्तव्यबोध का सार समाहित हैं। देश के प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्र प्रगति के लिए आवश्यक होता है कि वह जिस दशा में है जिस परिस्थिति में है जहां है सकारात्मक सोच के साथ अपना योगदान दे। हमारे राष्ट्र का आदर हो तो इसमें जन्मे व्यक्ति को भी लोग आदरणीय कहेंगे। हमारा देश कभी सोने की चिडि़या कहा जाता था। फिरंगियों की नापाक नजरें इस ओर गई और कुटिल चालों के जरिए पहले व्यापार को ईस्ट इंडिया कंपनी की आड़ में भारत आए। फिर उन्होंने धीरे-धीरे ऐसे लोगों की पहचान की जो राष्ट्र के प्रति गंभीर नहीं थे, लालची और पाखंडी थे। उन्हीं के द्वारा देश से गद्दारी कराई। नतीजा यह निकला कि हमारा राष्ट्र गुलामी की जंजीरों में जकड़ गया। अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित और स्वाभिमानियों की अंतर आत्मा में चेतना आई तथा अंग्रेजों के प्रति नफरत और तिरस्कार का वातावरण बना। कई राष्ट्रभक्त ऐसे थे जिनको न इतिहास में स्थान मिला और न ही प्रशंसा हासिल हो सकी। लेकिन अपने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने में असहनीय यातनाएं झेलते रहे। अन्त में प्राणों को भी राष्ट्र के प्रति होम कर दिया। हम सभी का नैतिक दायित्व है कि हम अपने राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मर मिटने को तैयार रहें। राष्ट्र निर्माण में अपनी योग्यता सिद्ध करें। हमें यह अनुभूति होनी चाहिए कि मैं ही राष्ट्र निर्माण के लिए उपयुक्त व्यक्ति हूं। हमारे द्वारा किए गए कार्य से ही राष्ट्र निर्माण में सहयोग होगा। हमारी सोच सकारात्मक होनी चाहिए। हमें शिक्षा का प्रसार-प्रचार, श्रम शक्ति का बेहतर उपयोग, वैज्ञानिक सोच के साथ अग्रसर होना चाहिए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    युवा शक्ति को सही दिशा देने के लिए ऋषियों, बुद्धिजीवियों द्वारा सुझाए गए मार्ग पर चलने के लिए अपनी संतान को प्रेरित करना चाहिए। देश की सीमाओं पर अपने सपूतों को दृढ़ निश्चय के साथ भेजने वालों का भी हमें आदर करना होगा। हम नि¨श्चत हो कर रात्रि विश्राम करते हैं जबकि हमारे बीच से ही निकले वीर सपूत राष्ट्र प्रहरी के रूप में अपना जीवन दांव पर लगाए रहकर हमारे राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करते हैं। इसके अतिरिक्त हमारे सामने यदि कोई भी राष्ट्र को अपमानित करने की चेष्टा करता है, राष्ट्र की नैतिकता पर प्रश्न उठाता है, राष्ट्रीय क्षति को सहायता देता है, धर्म, भाषा और मान्यताओं के आधार पर हमें बांटने की घिनौनी कोशिश करता है तो हमारा कर्तव्य हो जाता है कि हम उसे मुंहतोड़ जबाब दें। व्यक्ति को अपनी संतान की शिक्षा, दीक्षा, निपुणता, दक्षता के लिए सब कुछ न्यौछावर कर देना चाहिए। हम एक ऐसी पीढ़ी का निर्माण करें जिसमें देशभक्ति कूट-कूट कर भरी गई हो। नई पीढ़ी को अपने राष्ट्र भक्तों की जीवन शैली और उनके योगदान की जानकारी गंभीरता से दें। आज का बालक कल का विद्यार्थी, कुशल चिकित्सक, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, इंजीनियर, शिक्षक, समाजसेवी, उद्योगपति, समर्पित नेता बन कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देगा। हमें इनके स्वास्थ्य तथा बौद्धिक विकास की ओर विशेष ध्यान देना होगा। इन्हीं में से अब्दुल कलाम, जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, डॉ.अंबेडकर निकालने होंगे और इसके लिए आवश्यक होगा कि हम शिक्षा की ओर बेहतर प्रयास करें। चरित्र निर्माण की शालाएं विकसित करें। देश प्रेम का पाठ पढ़ाने को कार्यशालाओं का आयोजन करें। वे अपने पद चिन्हों को बनाएं जिन पर अन्य लोग भी चल सकें।

    हमारा राष्ट्र है तो हम हैं, हमारा कर्तव्य राष्ट्र की सुरक्षा एकता, सुंदरता और निर्माण होना चाहिए। प्रत्येक सुबह राष्ट्र निर्माण की सोच के साथ होनी चाहिए। कोई भी कार्य करने से पूर्व हमारे मन में राष्ट्रप्रेम की भावना होनी चाहिए। काश ऐसे लोगों का नामोनिशान ही मिट जाए जो अपने राष्ट्र के साथ गद्दारी करते हैं। राष्ट्र की अस्मिता को दांव पर लगा कर नापाक लोगों की मदद कर उनका गुणगान करते हैं। कवि की चार पंक्तियां हमें इस ओर संदेश देते हुए कहती हैं

    जो भरा नहीं निज भावों से, बहती जिसमें रस धार नहीं, वह ह्दय नहीं वह पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं।

    मनोज दुबे, सचिव, जीएसएम महाविद्यालय, बेवर।

    राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है अच्छा चरित्र

    चरित्र एक ऐसी पूंजी है जो राष्ट्र निर्माण में विशेष भूमिका का निर्वहन करता है। हमारे घर में माता-पिता तो स्कूल में शिक्षकगण चरित्र निर्माण में अपनी सार्थकता सिद्ध कर सकते हैं। माता-पिता किसी बालक के चरित्र निर्माण की प्रथम पाठशाला होते हैं। जैसा हम अपने बालक बालिकाओं को बनाएंगे भविष्य में वैसा ही उनका राष्ट्र निर्माण में योगदान होगा।

    सुरुचि दुबे, सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय, अठलकड़ा।

    बदलें युवाओं की दिशा

    यह हमारा कर्तव्य है कि हम युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में ले जाएं। बचपन में यदि बालक चोरी करता है तो माता-पिता शिक्षक उसे उसी समय अपराध बोध करा दें तो बालक हमेशा के लिए चोरी छोड़ देगा। बच्चों में ऐसे गुण विकसित करें जो आगे चल कर यही बालक देश प्रेमी की भूमिका का निर्वहन करें और आगे चलकर कुशल विद्यार्थी और कुशल नागरिक सिद्ध हो सकें।

    देवेंद्र कुमार, प्रबंधक, केडीटीआर पब्लिक स्कूल, ललूपुर।

    कर्तव्य परायणता का विशेष योगदान

    राष्ट्र के प्रति हमारा क्या उत्तरदायित्व होना चाहिए इसकी झलक व्यक्ति विशेष के कार्यों से ही हो जाती है। हमारे लिए यह बहुत ही आवश्यक है कि हम अपने कर्तव्यों को समझकर उनका निर्वाह करें। जिससे हमारी आने वाली पीढ़ी भी उससे प्रेरणा ले सके और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सके।

    डॉ. पुरुषोत्तम दुबे, प्रबंधक, पैरामाउंट इंटरनेशनल एकेडमी, बेवर।

    शिक्षा को बनाएं अपना शौक

    समाज में एक सफल व्यक्ति बनने के लिए ये बहुत ही आवश्यक है कि हम शिक्षित हों। जिसके लिए हमें बचपन से ही शिक्षा को अपना शौक बना लेना चाहिए। हम अगर अपने देश की सेवा में योगदान देना चाहते हैं तो उसके लिए यह सबसे आवश्यक है कि हम अपने ज्ञान को बेहतर बनाएं। तभी आगे चलकर हम राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे।

    कशिश मिश्रा, कक्षा-12।

    माता-पिता की राय है जरूरी

    हमें किसी भी काम को करने से पहले माता-पिता की राय लेना बेहद आवश्यक है। क्योंकि कई बार हम अपनी समझ से जो निर्णय लेते हैं वे गलत होते हैं। लेकिन उस समय वे सही लगते हैं। जब हमारे माता-पिता हमें वह कार्य करने से मना करते हैं तो हमें अपने ऊपर वह प्रतिबंध लगता है। लेकिन बड़े होने पर हमें यह समझ आता है कि उस समय हमारा निर्णय गलत था और हमारे माता-पिता ने जो निर्णय लिया वह ही सही था।

    विमल यादव, कक्षा-12

    कर्तव्यों का करें पालन

    जीवन में हम सभी लोगों के कुछ न कुछ कर्तव्य होते हैं। बच्चों का कर्तव्य है कि वह पूरी निष्ठा से पढ़ाई लिखाई करें। वहीं घर के जिम्मेदार का कर्तव्य होता है कि वह परिवार के सभी सदस्यों के देखभाल करने के साथ ही उनकी जरूरतों की पूर्ति करे। वहीं आगे चलकर हमारे भी परिवार और समाज के प्रति कर्तव्य होते हैं और हमें उनका निर्वाह पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए।

    कुलदीप यादव, कक्षा-12