महोबा में तीन लोगों ने की आत्महत्या, निर्माणाधीन कचहरी में युवक, कर्ज से परेशान किसान और महिला ने फंदे से लटक दी जान
महोबा में तीन अलग-अलग घटनाओं में आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। इनमें एक निर्माणाधीन कचहरी में युवक, कर्ज से परेशान किसान और एक महिला शामिल है।
-1790087050587_m.webp)
HighLights
निर्माणाधीन कचहरी में युवक ने बेल्ट से फंदा लगाकर आत्महत्या की
कर्ज से परेशान किसान ने घर के दरवाजे पर फंदा लगाकर जान दी
कबरई में महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या की
जागरण टीम, महोबा। महोबा में तीन लोगों ने अलग-अलग परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। निर्माणाधीन कचहरी में युवक ने बेल्ट से फंदा लगा जान दी। वहीं, किसान ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या कर ली जबकि लेखपाल के अनुसार पारिवारिक विवाद की वजह यह कदम उठाया। कस्बा कबरई मुहल्ला विवेकनगर में महिला ने आत्महत्या कर ली।
निर्माणाधीन कचहरी में युवक ने बेल्ट के फंदे पर लटक कर दी जान
शहर के पुलिस लाइन के पास स्थित निर्माणाधीन कचहरी में युवक का बेल्ट के फंदे पर शव लटका मिला। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदो निवासी 18 वर्षीय कृष्णा पाल पुत्र संतराम ने मंगलवार सुबह पुलिस लाइन के पास बन रही कचहरी के टीन शेड के एंगल में बेल्ट का फंदा बनाया और उसमें लटक कर जान दे दी। दिवंगत की मां रनिया ने बताया कि वह और उसकी बेटी मुनिया कचहरी निर्माण में मजदूरी करतीं हैं। कृष्णा गुजरात में कंपनी में काम करता था और रविवार को वह गांव आया था। सुबह जब वह रोटी बना रही थी तो बेटा बोला मुझे फिर बाहर जाना है। कुछ देर बाद जब मां रोटी बनाकर निकली तो बेटा बेल्ट के फंदे पर झूल रहा था।
फंदे से लटका मिला किसान का शव
किसान का शव घर के दरवाजे के कुंदे में रस्सी के फंदे पर लटकता मिला। थाना पनवाड़ी के ग्राम महुआ निवासी 65 वर्षीय गौरीशंकर अहिरवार का शव मंगलवार सुबह दरवाजे के कुंदे से रस्सी के फंदे पर लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पनवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। दिवंगत के छोटे भाई रतनलाल व पड़ोसी रघुवीर ने बताया कि गांव में गणेश प्रतिमा विराजमान है। रातभर दिवंगत वहीं पर मौजूद थे। इसके बाद वह अपने घर आ गए। सुबह उनका शव फंदे पर लटकता मिला। भाई ने बताया कि उनके पास तीन बीघा जमीन थी और करीब आठ बीघा जमीन बलकट पर लेकर खेती करते थे। बैंक और साहूकारों का करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का कर्ज था। उधर कुलपहाड़ एसडीएम आदेश सागर सिंह ने बताया कि लेखपाल के मुताबिक मामला पारिवारिक कलह का सामने आया है।
महिला का फंदे पर लटकता मिला था शव, पति समेत दो को भेजा जेल
कस्बा कबरई मुहल्ला विवेकनगर निवासी 24 वर्षीय आरती पत्नी दशरथ की गुरुवार 17 सितंबर की शाम मृत्यु हो गई थी। दिवंगत के पिता ग्राम बहिलपुरवा चित्रकूट निवासी सत्यनारायण, मां सहोदरा और बड़ी बहन सोनम ने बताया था कि आरती की शादी चार साल पूर्व की थी। जिसके दो बच्चे ढाई वर्षीय दीपक व एक साल का छोटू है। बताया कि आरती का पति शराब पीने का आदी था। दिवंगत घर चलाने के लिए खर्च मांगती तो मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था।
