कानपुर में खौफनाक वारदात, बिल्हौर में मकनपुर रोड किनारे पड़ा था धड़, पास में गड्डे में पड़ा था सिर
कानपुर के बिल्हौर में मकनपुर रोड पर एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ...और पढ़ें

HighLights
बिल्हौर-मकनपुर रोड पर मिला युवक का सिर कटा शव
मृतक की पहचान राज किशोर पटवा के रूप में हुई
पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनों बिंदुओं पर कर रही जांच
संवाद सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। बिल्हौर -मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे सड़क किनारे युवक का सिर कटा शव पड़ा मिला। शव के पास ही युवक की साइकिल और कुछ दूरी पर शर्ट का फटा हुआ कालर और अंगौछा पड़ा मिला। खोजबीन के दौरान सड़क किनारे गड्ढे में भरे पानी में युवक का सिर पड़ा मिला।
स्वजन ने युवक की हत्या की आशंका जाहिर की। मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे डीसीपी पश्चिम एस एम कासिम आबिदी, एसीपी अंकित कुमार ने जांच पड़ताल की। वहीं फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
देवहा गांव निवासी 45 वर्षीय राज किशोर पटवा पुत्र स्व. जगदीश किशोर वर्तमान में कस्बे के वैष्णव नगर मोहल्ले में मकान बनाकर रहते थे। परिवार में पत्नी मधु तीन बेटियां शुभी, अंशी, और नैंसी हैं। स्वजन के मुताबिक राज किशोर बाजार में विसातखाने की दुकान लगाते थे। मंगलवार सुबह आठ बजे वह घर से अनंता की बिक्री करने के लिए साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर गए थे।
लगभग नौ बजे मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास उनका उनका सिर कटा शव पड़ा मिला। पास में ही साइकिल पड़ी थी। वहीं कुछ दूरी पर शर्ट का फटा हुआ कालर और अंगौछा पड़ा था। सिर कटा शव मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। तो शव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे गड्ढे में भरे पानी में युवक का सिर पड़ा मिला। स्वजन और ग्रामीणों ने युवक की हत्या की आशंका जाहिर की। हालांकि स्वजन ने किसी से रंजिश होने की बात से इन्कार किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डीसीपी ने बताया कि स्वजन ने किसी रंजिश से इन्कार किया है। हत्या और मार्ग दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भीड़भाड़ वाली सड़क पर सिर कटा शव मिलने से सनसनी
मकनपुर- बिल्हौर रोड पर वाहनों की खूब आवाजाही बनी रहती है। वहीं दिनदहाड़े युवक का सिर कटा मिलने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं बनी रही।
