विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट से ऐतिहासिक धरोहरों को नया जीवन, महोबा में पर्यटन विकास से मिलेगा रोजगार को बढ़ावा

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:48 PM (GMT+05:30)

योगी सरकार के बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट विकसित करने के निर्णय से महोबा की ऐतिहासिक धरोहरों का वैभव लौटने की उम्मीद जगी है। 

जैतपुर का मस्तानी महल और चरखारी का मंगलगढ़ दुर्ग। जागरण आर्काइव

जैतपुर का मस्तानी महल और चरखारी का मंगलगढ़ दुर्ग। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. योगी सरकार का बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट विकसित करने का निर्णय।

  2. महोबा की ऐतिहासिक धरोहरों का वैभव लौटने की जगी उम्मीद।

  3. मस्तानी महल, मंगलगढ़ किले का होगा पर्यटन विकास।

जागरण संवाददाता, महोबा। योगी सरकार की कैबिनेट ने बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट विकसित करने का निर्णय लिया है, जिसमें किले-महल को जोड़ा जाएगा। इससे जिले की ऐतिहासिक धरोहरों का खोया वैभव लौटने की उम्मीद जगी है। यदि ऐसा हुआ तो ये धरोहरें देशी और विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी।

कस्बा जैतपुर स्थित बाजीराव-मस्तानी के प्रेम का मूक गवाह मस्तानी महल का एक हिस्सा जीर्णशीर्ण हो चुका है। एक अक्टूबर को कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस के आर्किटेक्ट दक्ष बब्बर और अबरार ने सर्वे कर कंडीशन मैपिंग और ड्राइंग तैयार की थी।

सरकार की घोषणा के बाद शीघ्र काम होने की उम्मीद

योजना के तहत महल में लाइब्रेरी, लाइट एंड साउंड सिस्टम, म्यूजियम और ओपन एयर थियेटर बनेगा। एक हिस्से में कैफे भी विकसित होगा। अब प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद शीघ्र काम होने की उम्मीद जगी है।

स्थानीय निवासी डाॅ. सतीश राजपूत कहते हैं, यदि ऐसा होता है तो पर्यटन के साथ ही रोजगार बढ़ेगा। उधर कस्बा चरखारी के ऐतिहासिक मंगलगढ़ किले का निर्माण 16वीं शताब्दी में महाराजा छत्रसाल के द्वितीय बेटे महाराजा जगतराज ने कराया था।

चरखारी रियासत समाप्त होने के बाद यह किला जिला पंचायत हमीरपुर के अधिपत्य में था। उस समय भी पर्यटकों का आवागमन रहा। पिछले 30 वर्षों में रक्षा मंत्रालय के अधिग्रहण में होने पर यहां नागरिकों का प्रवेश प्रतिबंधित था।

करीब आठ माह पहले रक्षा मंत्रालय के जवानों ने चौकी व सुरक्षा हटाते हुए किला खाली कर दिया। उसे देखने पर्यटक पहुंचने लगे, लेकिन सुरक्षा कारणों से फिलहाल प्रवेश पर रोक है। इसके साथ ही सुगिरा व श्रीनगर के किले के पर्यटन विकास को लेकर भी उम्मीद जगी है।

पर्यटन अधिकारी डाॅ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव कहते हैं कि मस्तानी महल का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। मंगलगढ़ किला और अन्य ऐतिहासिक किले-महल के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बुंदेलखंड की बदलती तस्वीर, 750 करोड़ की संजीवनी से संवर रहे 31 ऐतिहासिक किले; पर्यटन का नया हब बनाने की तैयारी

यह भी पढ़ें- यूपी में 'बाबा नीब करौरी सर्किट' और 'बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट' विकसित होंगे, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।