बुंदेलखंड की बदलती तस्वीर, 750 करोड़ की संजीवनी से संवर रहे 31 ऐतिहासिक किले; पर्यटन का नया हब बनाने की तैयारी
बुंदेलखंड के 31 ऐतिहासिक किलों को 750 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कर पर्यटन का नया केंद्र बनाया जा रहा है। इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिसमें कालिंजर और मंगलगढ़ जैसे किले शामिल हैं।
-1795165090370_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
विमल पांडेय, बांदा। बुंदेलखंड के किले और बिरासतें विकास की नई पटकथा लिख रहे हैं। पीएम मोदी के लोकल फार वोकल की अवधारणा से पर्यटन और रोजगार की मजबूत श्रंखला की शुरुआत हो चुकी है। बुंदेलखंड के जिलों में पर्यटन विकास को लेकर अब तक 750 करोड़ की संजीवनी मिल चुकी है।बांदा महोबा हमीरपुर जालौन जैसे जिलों में विरासताें और किलाें को विकसित करने का वीणा उठाया गया है।
बुंदेलखंड के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर, जो कभी सूखे से बेचैन रहते थे,जिस धरा को कभी डाकुओं की शरणगाह माना जाता था, तरुणाई में ही पलायन जैसी विभीषिका का दंश भी उठाता था। आज मानों प्राकृतिक रम्यता का आभा मंडल धरती पर उतर आया हो। चार दशकों से सांस्कृतिक धरोहरों की बदहाली सियासी ताप बढ़ाती रही।
जब- जब चुनाव आए तब तब सियासी गलियारों में यहां के किले, महल, मकबरे चीखते रहे। सियासत के ताने बानों में सिर्फ आश्वासनों के घरौंदे तैयार होते रहे हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं है। बुंदेलखंड को पर्यटन का नया हब बनाया जा रहा है। बुंदेलखंड को देश के विभिन्न राज्यों से एक्सप्रेस वे के माध्यम से जोड़ा गया है। ऐसे तमाम किले और अन्य विरासतें अब विकास की नई पटकथा लिख रहे हैं।
मौजूदा समय में बुंदेलखंड के सभी पर्यटक स्थलों के विकास के लिए सरकार 750 करोड़ से अधिक की योजना संचालित कर रही है। इसके तहत बुंदेलखंड के सभी सात जिलों को पर्यटन से जोड़ने का खाका तैयार किया गया है। बुंदेलखंड के 31 किलों को विकास की संजीवनी मिल चुकी है। बुंदेलखंड के सात जिलों में पड़ने वाले 31 किलों को हेरिटेज के रूप में विकसित किया गया है। वाटर स्पोर्ट्स, इको टूरिज्म, रोपवे, हेलीपोर्ट जैसे आधुनिक टूरिज्म की सुविधाएं बनाई गई हैं।
झांसी के आठ बांदा के चार जालौन के दो ललितपुर के सात हमीरपुर के तीन महोबा के पांच और चित्रकूट के दो किलों पर्यटकों की दृष्टि से विकसित किया गया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के माध्यम से पूरे बुंदेलखंड को देश के दूसरे एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है। योजना में प्रमुख रूप से झांसी का राम जानकी मंदिर, लठवारा का हनुमान मंदिर व परीछा बांध पर इको टूरिज्म को विकसित किया गया है। यहां पर आने वाले पर्यटकों के लिए सभी सुविधाओं मुहैया कराई गई हैं।
अंचल में पर्यटन विकास की कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। झांसी, बांदा, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट में ऐतिहासिक स्मृतियों को संजोए अनेक प्राचीन दुर्ग, किले अब विकास की गाथा सुना रहे हैं। जालौन और झांसी में विशाल परिसर वाले कई किले अपनी भव्यता के साथ बेहतरीन होटल के रूप में विकासित किए गए हैं।
जनपद बांदा में 542 हेक्टेयर परिक्षेत्र में फैले कालिंजर के किले में निजी क्षेत्र की सहभागिता से लाइट एंड साउंड शो, कैंपिंग-ट्रैकिंग, राक क्लाइम्बिंग और फसाड लाइटिंग का काम कराए जाने कार्य योजना को धरातल पर उतारा जा रहा है। चित्रकूटधाम मंडल के ऐतिहासिक किलो को विकसित किए जाने को लेकर बांदा के कालिंजर व महोबा के मंगलगढ़ किले को चिन्हित किया गया है। पर्यटन विभाग को इन्हें विकसित करने की जिम्मेदारी मिली है। इन किलों से बिना छेड़छाड किए 100 मीटर की परिधि के बाहर निर्माण कार्य किए जाने हैं। जिसमें पांच से 10 एकड़ भूमि को अधिग्रहीत किया जाना है।
जिसके क्रम में किसानों व भू-स्वामियों से संपर्क शुरू किया गया है। भूमि अधिग्रहण करने के बाद यहां पर रुकने के लिए होटल, थीम पार्क, वाटर लेजर पार्क, थिएटर, बुंदेली फुड प्लाजा, ओडीओपी शाप, ओडीओसी फूड कार्नर समेत करीब 60 प्रकार की सुविधाओं से सुसज्जित किया जाने की योजना है। इसमें प्रत्येक किले पर भूमि खरीदने के बाद 80 करोड़ रुपये की धनराशि से विकसित किया जाएगा। उपनिदेशक पर्यटन आर के रावत ने बताया कि किसानों व भू-स्वामियों से भूमि अधिग्रहण को लेकर संपर्क किया जा रहा है।
महोबा में प्रसिद्ध झीलों के शहर चरखारी स्थित रियासतकालीन मंगलगढ़ किला सैलानियों के लिए जल्द खुलेगा। यह किला 400 फीट ऊंचाई पर स्थित है और कई हेक्टेयर में फैला है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर किला के अंदर सात सरोवर, मंदिर, रियासत कालीन तोपें मौजूद हैं। किले से चरखारी का नजारा देखते ही बनता है। यह 30 साल तक सेना के अधीन रहा। पिछले दिनों सेना ने यह किला खाली कर दिया। तब नगर पालिका को किले की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वर्तमान में इसे पालिका की सुपुर्दगी में दिया गया है। पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने वर्ष 2017 में प्रयास शुरू किए थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान 14 मार्च 2017, 11 फरवरी 2019, तीन फरवरी 2020 को सदन में मुद्दा उठाया था। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जल्द ही किला खुलवाने का भरोसा दिया था। इसके बाद किला सेना मुक्त होगा। पर्यटन अधिकारी ने बताया कि पालिका से हैंडओवर लेने की तैयारी चल रही है।
वहीं जैतपुर के मस्तानी महल व सुगिरा के सेनापत महल का विकास पीपीटी माडल से किया जाएगा। सुगिरा की गढ़ी में लाइब्रेरी बनवाई जा रही है। हालां कि जालौन जिले में दो किलो पीपी मॉडल में अभी नहीं दिया गया है।डीएम राजेश पांडेय की मानें तो कालपी क्षेत्र में कुछ पुरानी इमारतों को बेहतर करने के लिए प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।