Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'वक्फ बोर्ड के नाम पर अब...', महराजगंज में ये क्या बोल गए CM Yogi; यूपी को लेकर क्लियर कर दी फ्यूचर प्लानिंग

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में 654 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड के नाम पर अब मनमानी नहीं चलेगी और जमीनों पर अवैध कब्जे रोके जाएंगे। उन्होंने यूपी को देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताया और कहा कि अब यहां विकास व कानून का राज है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा सिंचाई सड़क रोजगार और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का भी ज़िक्र किया।

    By Vishwa Deepak Tripathi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 05 Apr 2025 07:33 PM (IST)
    Hero Image
    महाराजगंज में सीएम योगी - फाइल फोटो।

    जागरण संवाददाता, महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वक्फ बोर्ड के नाम पर अब कोई मनमानी नहीं चलेगी। हाल ही में संसद में वक्फ बोर्ड संशोधन अधिनियम पारित किया गया है, जिससे वक्फ के नाम पर जमीनों की लूट-खसोट और अवैध कब्जे पर रोक लगेगी। अब कोई चौराहों की जमीनों पर कब्जा नहीं कर सकेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सरकारी संपत्ति का उपयोग स्कूल, कालेज, मेडिकल कालेज, बैराज और आवास निर्माण जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में होगा। प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को धन्यवाद देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों एकड़ भूमि वक्फ बोर्ड के नाम पर नाजायज तरीके से कब्जाई गई थी, जिससे गरीबों का कल्याण नहीं हो रहा था। अब इस मनमानेपन पर सख्ती से लगाम लगेगी।

    मुख्यमंत्री शनिवार को महराजगंज जिले के रतनपुर में 654 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई और संकल्प लिया कि अगले तीन साल में यूपी से गरीबी खत्म कर इसे देश का नंबर वन राज्य बनाया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों को अपने परिवार का पेट भरने की फुर्सत नहीं थी। पहले एक जनपद एक माफिया की पहचान थी। अब एक जनपद एक मेडिकल कालेज से जिले जाने जा रहे हैं। यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन से उत्तर प्रदेश अब नई ऊंचाइयां छू रहा है।

    यूपी अब देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: योगी

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में यूपी देश में सातवें नंबर की अर्थव्यवस्था था, आज यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। मुसहर, वनटांगिया और थारू जैसी जनजातियों के गांवों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

    उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर और महाकुम्भ का जिक्र करते हुए कहा कि यह विकास और विरासत का अनूठा समन्वय है। मुख्यमंत्री ने सरयू नहर परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि 1972 में बनी परियोजना को पूरा होने में 49 साल लग गए। वह भी तब पूरा हुआ जब भाजपा की सरकार आई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ गया है। गोरखपुर-सोनौली मार्ग चौड़ा हो रहा है। गांवों के तीन मीटर के रास्ते अब सात से 10 मीटर चौड़े हो रहे हैं। सिंचाई के क्षेत्र में अर्जुन सहायक, बाणसागर और सरयू नहर परियोजनाओं से लाखों हेक्टेयर भूमि सिंचित हुई है। पिछले आठ साल में प्रदेश में 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा और 14 लाख किसानों को मुफ्त ट्यूबवेल कनेक्शन दिए गए हैं।

    अटल आवासीय विद्यालय ने दी सहूलियत

    मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय और हर विकासखंड में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बनाए जा रहे हैं। मधवलिया में गोशाला और डेयरी उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। महराजगंज में केंद्रीय विद्यालय और स्पोर्ट्स स्टेडियम का शुभारंभ भी जल्द होगा।

    उन्होंने कहा कि महाकुंभ का आयोजन देखकर पूरी दुनिया भौचक्की रह गई। 2017 के पहले जब त्योहार आते थे तो लोग इस बात पर सहमे रहते थे कि कब क्या हो जाएगा। 2017 के बाद दंगे नहीं हुए। यदि किसी ने दंगा किया तो उसे अपने बाप-दादा की कमाई से भी वंचित होना पड़ा।

    अब यूपी में कोई भूखा नहीं मरता है। नौजवानों के लिए शिक्षा व रोजगार, बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों का सम्मान व अन्नदाता की खुशहाली के लिए सरकार कार्य कर रही है। रोहिन बैराज इसका उदाहरण है। कार्यक्रम को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने भी संबोधित किया। स्वागत नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया।