विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोहगीबरवा में जंगल सफारी का रोमांच शुरू, बाघ और तेंदुए बढ़ा रहे हैं आकर्षण; ईको टूरिज्म का भरपूर अवसर

Published: Mon, 16 Nov 2026 01:09 PM (IST)

सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन सत्र 2026-27 के लिए जंगल सफारी शुरू हो गई है, जहाँ बाघ, तेंदुए और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी पर्यटकों को रोमांचकारी अनुभव प्रदान करती है।

सोहगीबरवा में जंगल सफारी का आनंद लेते पर्यटक। जागरण

सोहगीबरवा में जंगल सफारी का आनंद लेते पर्यटक। जागरण

HighLights

  1. सोहगीबरवा में 2026-27 पर्यटन सत्र के लिए जंगल सफारी शुरू।

  2. बाघ, तेंदुए और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी से रोमांचकारी अनुभव।

  3. ऑनलाइन बुकिंग और विभिन्न सफारी मार्गों से पर्यटन सुविधा।

विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटकों का इंतजार खत्म हो गया है। पर्यटन सत्र 2026-27 के लिए दक्षिणी चौक रेंज में जंगल सफारी शुरू हो गई है। 428 वर्ग किलोमीटर में फैले इस अभयारण्य को पूरब का जिम कार्बेट नेशनल पार्क कहा जाता है।

सात रेंजों में बंटे जंगल में बाघ, तेंदुआ, हिरण, चीतल, बारहसिंगा, नीलगाय, जंगली बिल्ली, लोमड़ी, बंदर, लंगूर और नेवले सहित कई वन्यजीव विचरण करते हैं। यहां 50 से अधिक प्रजातियों के पक्षी भी देखे जा सकते हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व से बीते वर्ष 25 अप्रैल और आठ मई को तीन बाघों को सोहगीबरवा के शिवपुर रेंज में छोड़ा गया था। इससे पर्यटन का रोमांच बढ़ा है।

सर्दी शुरू होते ही सिंगरहना ताल सहित अन्य वेटलैंडों में प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा आकर्षण का केंद्र बन गया है। वन विभाग सैलानियों के ठहरने, खाने और घूमने की व्यवस्था शीघ्र शुरू करेगा। अभयारण्य के अंदर और आसपास सोहगीबरवा, लक्ष्मीपुर और मधवलिया में फारेस्ट रेस्ट हाउस बनाए जा रहे हैं।

यहां बम्बू हट्स और कैफेटेरिया भी तैयार किए जा रहे हैं। पहला सफारी रूट चौक से शुरू होकर कुसमहवा, 24 वनटांगिया, ट्रामवे चौराहा और मधवलिया से गुजरते हुए वापस चौक पहुंचता है। दूसरा रूट बरगदवा मुख्य मार्ग से गणेशपुर और देईभर होते हुए सिंगरहना ताल तक जाता है।

नेपाल और बिहार के वाइल्डलाइफ कारिडोर से जुड़ा है सोहगीबरवा

नेपाल के चितवन नेशनल पार्क और बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वाइल्डलाइफ कारिडोर से जुड़ाव के कारण यहां भ्रमण का रोमांच बढ़ जाता है। नेपाल से गैंडे और बिहार के जंगल से बाघ अक्सर भारतीय क्षेत्र में आ जाते हैं। यहां के 118 तेंदुए भी पड़ोसी वन्यजीव प्रभागों में जाते हैं। पांच हेक्टेयर में फैले दर्जिनिया ताल को मगरमच्छों का घर कहा जाता है। वन विभाग के मुताबिक, यहां 250 मगरमच्छ हैं।

उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म की वेबसाइट पर टिकट बुकिंग

पर्यटक उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म की वेबसाइट पर सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग का विकल्प चुनकर टिकट बुक कर सकते हैं। एक दिन में दो सर्किट में कुल चार सफारी होती हैं। एक जीप में अधिकतम छह सैलानी बैठ सकते हैं। पहले रूट का शुल्क करीब 1500 रुपये और दूसरे का 2200 रुपये है।

सिंगल सीट के लिए 200 रुपये और गाइड सहित पूरे वाहन के लिए 1560 रुपये निर्धारित हैं। वर्ष 2025 में 200 से अधिक पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया था। अपने वाहन से जंगल घूमने के लिए 200 रुपये का टिकट लेना होगा। बिना वाहन संरक्षित वन क्षेत्र में घूमने का टिकट 50 रुपये है।

वन्य जीव का नाम संख्या
बाघ 03
तेंदुआ 118
चीतल 2,223
सांभर 646
काकड़ 593
नीलगाय 2,326
पाढ़ा 252
सुअर 5,003
बंदर 9,797
लंगूर 5,871
सियार 1,550
मोर 1,392
जंगली बिल्ली 168
लोमड़ी 575
वन गाय 1,397
मगरमच्छ 390
गोह 1,002
सेही 839
खरगोश 676
भेड़िया 22
नेवला 337

 (गणना वर्ष- 2026-स्रोत-सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग)

सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग में जंगल सफारी आरंभ हो गई है। पर्यटक आनलाइन व दक्षिणी चौक रेंज से आफलाइन टिकट की बुकिंग करा जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं। नियमों के मुताबिक 200 शुल्क जमा कर अपने वाहन से भी संरक्षित वन क्षेत्र में घूमा जा सकता है। पर्यटकाें को कोई असुविधा न हो इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।

-निरंजन सुर्वे, प्रभागीय वनाधिकारी, सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में वन्यजीव अपराधों पर लगेगी लगाम, गढ़वाल और कुमाऊं में बनेंगी वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल यूनिट

यह भी पढ़ें- भालुओं की थाली में शहद, शेर-बाघ को नौ किलो मीट; सर्दियों में कानपुर चिड़ियाघर के जानवरों का बदला खानपान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।