विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भालुओं की थाली में शहद, शेर-बाघ को नौ किलो मीट; सर्दियों में कानपुर चिड़ियाघर के जानवरों का बदला खानपान

Published: Fri, 13 Nov 2026 03:13 PM (IST)

कानपुर चिड़ियाघर ने सर्दियों के लिए वन्यजीवों की खुराक का मेन्यू बदल दिया है, जिसमें उन्हें पर्याप्त ऊर्जा और पोषण ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. सर्दियों में वन्यजीवों की खुराक में पौष्टिक आहार शामिल

  2. भालुओं को शहद, मांसाहारी जीवों को अधिक मांस

  3. पक्षियों को अंडे, शाकाहारी जानवरों को गुड़-चना

जागरण संवाददाता, कानपुर। सर्दियों की दस्तक के साथ ही कानपुर चिड़ियाघर में वन्यजीवों की खुराक का मेन्यू बदल दिया गया है। ठंड में पर्याप्त ऊर्जा देने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने वन्यजीवों की खुराक बढ़ाने के साथ ही उसमें पौष्टिक आहार भी शामिल किया है।

अब पक्षियों को रोजाना उबला अंडा, मूंगफली और अखरोट परोसे जा रहे हैं तो भालुओं की खुराक में शहद दिया जाने लगा है। दूसरी ओर शेर और बाघ के भोजन में मीट की मात्रा बढ़ाकर नौ किलो तक कर दी गई है। शाकाहारी वन्यजीवों को गुड़ और चना खिलाया जा रहा है।

चिड़ियाघर प्रशासन ने सर्दियों के लिए नया डाइट प्लान लागू कर दिया है। मौसम में ठंड बढ़ने के साथ वन्यजीवों की जरूरत के मुताबिक भोजन की मात्रा और पोषण में बदलाव किया जा रहा है। पशु चिकित्सक डा. नासिर ने बताया कि सर्दियों में वन्यजीवों को अतिरिक्त ऊर्जा और पोषण की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रजातियों के लिए खानपान की व्यवस्था की गई है।

सर्दियों में पक्षियों की सेहत का ध्यान रखते हुए उनके नियमित दाने और भोजन के साथ उबला अंडा दिया जा रहा है। प्रयास है कि प्रत्येक पक्षी को रोजाना एक उबला अंडा मिले। इसके अलावा मूंगफली और अखरोट भी डाइट में शामिल किए गए हैं।


भालुओं को सुबह-शाम शहद की खुराक

चिड़ियाघर में मौजूद तीन भालुओं के भोजन में शहद शामिल किया गया है। प्रत्येक भालू को सुबह और शाम मिलाकर रोजाना 150 से 200 ग्राम तक शहद दिया जा रहा है। ठंड के मौसम में उनकी खुराक में अतिरिक्त पोषण का ध्यान रखा जा रहा है। दूसरी ओर मांसाहारी जानवरों के भोजन में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले शेर और बाघ को रोजाना पांच से सात किलो मीट दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब नौ किलो तक कर दिया गया है। इसी तरह तेंदुए की खुराक में भी एक किलो मीट बढ़ाया गया है। पहले उसे तीन किलो मीट मिलता था, अब रोजाना चार किलो दिया जा रहा है।

हिरन-जैब्रा को गुड़-चना, दाने की मात्रा भी बढ़ी

हिरन, जेब्रा और बारहसिंघा के नियमित भोजन के साथ गुड़ और चना शामिल किया गया है। हिरन को पहले रोजाना 600 ग्राम दाना दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 700 ग्राम प्रति हिरन कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- 16 नवंबर को कानपुर आएंगे रेलमंत्री, कानपुर मेल को दिखाएंगे हरी झंडी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।