UP के इस जिले में रोहिंग्या मुसलमानों की सूचना पर मचा हड़कंप, पुलिस की जांच-पड़ताल से गांव में रही सरगर्मी
महाराजगंज के बभनौली गांव में रोहिंग्या मुसलमानों के रहने की सूचना पर पुलिस ने जांच की। पनियरा पुलिस ने घर-घर जाकर आईडी की जांच की लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला। प्रधान के बेटे अब्दुलएन ने बताया कि उन्हें रोहिंग्या होने की आशंका थी पर गांव में कोई संदिग्ध नहीं है वे गाजीपुर के रिश्तेदार हैं और कई वर्षों से रह रहे हैं।

जागरण संवाददाता, (मुजुरी बाजार) महराजगंज। ग्राम पंचायत बभनौली में रोहिंग्या मुसलमानों के रहने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मुस्लिम बहुल इलाकों में सघन जांच-पड़ताल की। पनियरा प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों के आधार कार्ड, वोटर आइडी कार्ड और उनके रहने की अवधि सहित अन्य जानकारियों की बारीकी से जांच की। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार इस जांच में कोई भी संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।
गांव निवासी प्रधान सकिला का बेटा अब्दुलएन ने बताया कि उन्हें लगभग 20 दिन पहले एक युवक ने फोन पर गांव में रोहिंग्या समुदाय के लोगों के होने की आशंका जताई थी। अब्दुल एन ने स्पष्ट किया कि उनके गांव में ऐसा कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं रहता है।
जो लोग गांव रह रहे हैं, वे उनके रिश्तेदार हैं, जो गाजीपुर के मूल निवासी हैं। इसके अलावा पिछले 30-40 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद गोरखपुर के करमैनी के रहने वाले हैं। इस सूचना की पुलिस को भनक लगते ही सतर्कता के तौर पर पुलिस ने जांच पड़ताल की।
पनियरा थानाध्यक्ष निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि रोहिंग्या मुसलमानों की सूचना की बात निराधार है। सामान्य प्रक्रिया के तहत किरायेदारों का सत्यापन किया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।