विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महराजगंज में सोने की शुद्धता पर खतरा, रेनियम मिलावट से बढ़ी चिंता

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:26 PM (IST)

सोने में रेनियम पाउडर की मिलावट का खतरा महराजगंज के सराफा बाजार में चिंता का विषय बन गया है। यह मिलावट सामान्य जांच मशीनों से भी पकड़ में नहीं आती, जिससे ग्राहकों को शुद्धता को लेकर धोखा हो सकता है।

चीन से मंगाए जा रहे भारी धातु के पाउडर से सोने का वजन बढ़ाने का मामला आया सामने। जागरण

चीन से मंगाए जा रहे भारी धातु के पाउडर से सोने का वजन बढ़ाने का मामला आया सामने। जागरण

HighLights

  1. सोने में रेनियम पाउडर की मिलावट का खतरा।

  2. सामान्य जांच मशीनों से पकड़ना चुनौतीपूर्ण।

  3. महराजगंज के सराफा कारोबारी हुए सतर्क।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। सोने की बढ़ती कीमतों के बीच अब इसकी शुद्धता को लेकर नई चिंता सामने आई है। चीन से कथित तौर पर मंगाए जा रहे रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाने का मामला सामने आने के बाद महराजगंज के सराफा कारोबारी भी सतर्क हैं। चिंता इसलिए अधिक है, क्योंकि इस तरह तैयार किए गए आभूषण सामान्य जांच मशीनों में भी 22 कैरेट और 24 कैरेट की शुद्धता पर खरे उतरने का दावा किया जा रहा है।

हालांकि जिले में अभी तक रेनियम मिलावट का कोई मामला सामने नहीं आया है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक रेनियम एक दुर्लभ और भारी धातु है। इसका घनत्व सोने से अधिक होने के कारण इसे मिलाने पर आभूषण का वजन बढ़ सकता है। ऐसे में ग्राहक को सोने की कीमत चुकाने के बावजूद दूसरी धातु मिल सकती है।

सामान्य एक्सआरएफ मशीन आभूषण की सतह पर मौजूद धातुओं का विश्लेषण करती है। कुछ परिस्थितियों में अंदर की मिलावट पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। संदिग्ध आभूषणों की वास्तविक संरचना जानने के लिए फायर एसे जैसी उन्नत जांच की जरूरत पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें- नेपाल को 594 मेगावाट बिजली बेचने की मंजूरी, दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को मिली नई मजबूती

कैरेट मीटर से भी एक सीमा तक ही शुद्धता की जांच हो पाती है। यदि 10 ग्राम सोने में एक ग्राम दूसरी धातु मिला दी जाए तो मशीन भी कई बार इसे पकड़ नहीं पाती है। यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है, लेकिन अभी महराजगंज में इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली कार से 15 लाख रुपये जब्त, दो पूर्व सैन्यकर्मी हिरासत में



रेनियम मिलावट का मामला फिलहाल महराजगंज में सामने नहीं आया है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर आई यह जानकारी चिंता का विषय है। ग्राहकों को सोना खरीदते समय सावधानी बरतनी चाहिए और कारोबारी स्तर पर भी शुद्धता को लेकर सतर्कता जरूरी है।

-

- अनिल वर्मा, सराफा व्यवसायी, निचलौल

ग्राहकों को आभूषण खरीदते समय बीआइएस हालमार्क, छह अंकों वाले एचयूआइडी नंबर की बीआइएस केयर एप से जांच और पक्का बिल जरूर लेना चाहिए। संदिग्ध आभूषण की मान्यता प्राप्त केंद्र पर जांच कराना भी जरूरी है।

-

-अरविंद वर्मा, सराफा व्यवसायी, महराजगंज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।