भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली कार से 15 लाख रुपये जब्त, दो पूर्व सैन्यकर्मी हिरासत में
ठूठीबारी में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक नेपाली कार से 15.01 लाख नेपाली रुपये बरामद किए। कार सवार दो सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों ने इसे अपनी पेंशन की रकम बताया, जिसके बाद एसएसबी ने जांच के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया।

एसएसबी ने ठूठीबारी बार्डर पर चेकिंग के दौरान पकड़ी नकदी। जागरण
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर 15 लाख नेपाली रुपये बरामद।
एसएसबी ने ठूठीबारी बार्डर पर कार से जब्त किए।
दो सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों ने पेंशन की रकम बताई।
संवाद सूत्र, ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा जांच के दौरान एसएसबी के जवानों ने नेपाली नंबर की कार से 15 लाख एक हजार पांच सौ नेपाली रुपये बरामद किए। मंगलवार रात करीब नौ बजे ठूठीबारी बार्डर पर नियमित चेकिंग के दौरान यह रकम मिली।
कार में सवार दोनों व्यक्तियों ने खुद को सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी बताते हुए बरामद धनराशि पेंशन की रकम बताई। आवश्यक जांच के बाद एसएसबी ने बरामद करेंसी कस्टम विभाग को सौंप दी।
ठूठीबारी सीमा पर एसएसबी के जवान नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाली नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार से बड़ी मात्रा में नेपाली करेंसी बरामद हुई। इतनी बड़ी रकम मिलने पर जवानों ने कार सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की।
उनकी पहचान एक बहादुर क्षेत्री और बहादुर बोहरा क्षेत्री के रूप में हुई है। दोनों के सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बरामद रकम उनकी पेंशन की है, जिसे उन्होंने बैंक से निकाला था। इसके बाद भारतीय मुद्रा को नेपाली करेंसी में परिवर्तित कर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- देवरिया कलेक्ट्रेट आर्काइव रिकॉर्ड से 4 साल की खतौनी गायब, इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर बैठी जांच
एसएसबी बीओपी प्रभारी डी. एक्स. मीना ने बताया कि बरामद धनराशि के संबंध में आवश्यक दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की गई है। इसके बाद पूरी रकम कस्टम विभाग को सौंप दी गई है।
यह भी पढ़ें- छोटी गंडक पर बनेंगे दो पीपा पुल, 24 गांवों को मिलेगी आवागमन में राहत