देवरिया में छोटी गंडक पर कुशहरी और कमधेनवा में बनेंगे 2 पीपा पुल, 24 गांव के लोगों को मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश शासन ने छोटी गंडक नदी पर कुशहरी और कमधेनवा में दो पीपा पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी है।

छोटी गंडक नदी। फोटो- जागरण
HighLights
छोटी गंडक नदी पर दो पीपा पुलों को मंजूरी मिली।
कुशहरी और कमधेनवा में बनेंगे ये महत्वपूर्ण पुल।
देवरिया के 24 गांवों को आवागमन में मिलेगी सुविधा।
संवाद सूत्र, तरकुलवा (देवरिया)। रामपुर कारखाना विकासखंड के कुशहरी व कमधेनवा के सामने छोटी गंडक नदी पर पीपा पुल बनाए जाने के प्रस्ताव को शासन ने हरी झंडी दे दी है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने कुशहरी में पीपा पहुंचाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है, जबकि कमधेनवा में अभी पीपा नहीं पहुंचा है।
क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया के प्रस्ताव पर दोनों पीपा पुलों के निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिली है। उप सचिव उत्तर प्रदेश शासन सुबास राम ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को इस संबंध में पत्र भेजा है। दोनों पुलों के निर्माण के लिए 35-35 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं। दोनों स्थानों पर पीपा पुल बनने से तटवर्ती गांवों के विकास को गति मिलेगी।
ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी। कुशहरी स्थित छोटी गंडक नदी के पश्चिमी छोर पर पांडेपुर, महुआ पाटन, बिशनपुर कला, डीहा बसंत और हरपुर कला तथा पूर्वी छोर पर गुद्दीजोर, मुजहना, मुहाना लाला, भुजौली, गौर कोठी और रामपुर अवस्थी सहित अन्य गांव स्थित हैं। इन गांवों के लोगों को अभी करीब 10 किलोमीटर घूमकर देवरिया व गोरया घाट मार्ग पर पहुंचना पड़ता है। पुल बनने से यह दूरी कम हो जाएगी।
''तटवर्ती गांवों के किसानों को खेती-किसानी, व्यापार और आवागमन में लाभ मिलेगा। किसान अपनी फसल की उपज समय से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। गंडक नदी के दोनों छोर के करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। कुशहरी घाट पर पीपा पुल बनने से जनहित में काफी लाभ होगा। दर्जनों गांवों के लोगों के आवागमन की दूरी कम होगी।''- केडी पांडेय, ग्रामीण, गुद्दीजोर
''दोनों क्षेत्रों के लोगों को काफी दिनों से पीपा पुल का इंतजार था। मेरे प्रस्ताव पर शासन ने मंजूरी दे दी है। कुशहरी में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कमधेनवा में भी जल्द कार्य शुरू हो जाएगा।''- सुरेंद्र चौरसिया, विधायक, रामपुर कारखाना