विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल को 594 मेगावाट बिजली बेचने की मंजूरी, दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को मिली नई मजबूती

Published: Sat, 21 Nov 2026 02:00 PM (IST)

भारत ने नेपाल को भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज के माध्यम से 594 मेगावाट अतिरिक्त बिजली निर्यात करने की अनुमति दी है, जिससे कुल स्वीकृत क्षमता 1198 मेगावाट हो गई है। यह अनुमति 18 नवंबर 2026 से 14 जून 2027 तक प्रभावी रहेगी, जिससे नेपाल को भारतीय बाजार में अतिरिक्त जलविद्युत बेचने का अवसर मिलेगा।

भारत के ऊर्जा एक्सचेंज में 14 जून 2027 तक बिजली निर्यात कर सकेगा नेपाल। जागरण

भारत के ऊर्जा एक्सचेंज में 14 जून 2027 तक बिजली निर्यात कर सकेगा नेपाल। जागरण

HighLights

  1. नेपाल को भारत में 594 मेगावाट अतिरिक्त बिजली निर्यात की अनुमति।

  2. कुल स्वीकृत क्षमता बढ़कर 1198 मेगावाट हुई, ऊर्जा व्यापार मजबूत।

  3. 14 जून 2027 तक भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज पर बिजली बिक्री।

संवादसूत्र, सोनौली। भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा व्यापार को नई मजबूती मिलने जा रही है। भारत ने नेपाल को भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज (आइइएक्स) के माध्यम से 594 मेगावाट अतिरिक्त बिजली निर्यात करने की अनुमति दी है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) की इस मंजूरी के बाद नेपाल की भारत को बिजली निर्यात करने की कुल स्वीकृत क्षमता बढ़कर 1198 मेगावाट हो गई है।

नेपाल को भारतीय बिजली बाजार में अतिरिक्त जलविद्युत बेचने का अवसर मिलेगा और दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग का दायरा भी विस्तृत होगा। नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (एनईए) के अनुसार नई अनुमति 18 नवंबर 2026 से 14 जून 2027 तक प्रभावी रहेगी।

इस अवधि में नेपाल भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज के डे-अहेड और रियल-टाइम बाजार में बिजली बेच सकेगा। इसके लिए द्विपक्षीय मध्यम अवधि बिजली बिक्री समझौते (एमटीपीए) के तहत निर्यात के लिए स्वीकृत जलविद्युत परियोजनाओं से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

कुल 594 मेगावाट अतिरिक्त बिजली में से 205 मेगावाट कटैया-कुशहा, रामनगर-सूरजपुर और रक्सौल-परवानीपुर की 132 केवी प्रसारण लाइनों के माध्यम से भारत पहुंचेगी। शेष 389 मेगावाट बिजली धालकेबर-मुजफ्फरपुर 400 केवी प्रसारण लाइन से भेजी जाएगी। इससे नेपाल की जल विद्युत परियोजनाओं से उत्पादित बिजली को भारतीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी और भारत की एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम (एनवीवीएन) तथा पावर ट्रेडिंग कारपोरेशन (पीटीसी) के बीच हुए मध्यम अवधि बिजली बिक्री समझौतों के तहत नेपाल जून से अक्टूबर तक हरियाणा और बिहार को बिजली निर्यात करता रहा है। इस वर्ष निर्धारित समझौते के तहत निर्यात की अवधि 31 अक्टूबर को समाप्त हो गई थी।

यह भी पढ़ें- राजस्थान के जालौर से लापता किशोरी सोनौली में मिली, साथ आया युवक भी पकड़ा गया

अब आइईएक्स के माध्यम से मिली नई अनुमति से नेपाल को बिजली बेचने के लिए अतिरिक्त बाजार मिल गया है। दूसरी ओर, सर्दियों में नदियों का जलस्तर घटने से नेपाल की जलविद्युत उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है।

ऐसे में घरेलू मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए नेपाल ने भारत से 1004 मेगावाट बिजली आयात करने की अनुमति भी प्राप्त की है। इस तरह एक ओर नेपाल अपनी अतिरिक्त बिजली भारत को बेच सकेगा, वहीं जरूरत पड़ने पर भारत से बिजली खरीदकर घरेलू आपूर्ति भी सुनिश्चित कर सकेगा।

यह भी पढ़ें- महराजगंज मुंडन में आई छह वर्षीय मासूम से दरिंदगी, बगीचे में मिली थी खून से लथपथ, अस्पताल में तोड़ा दम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।