शासन से संस्तुति, भारतीय पुरातत्व विभाग को भेजा पत्र
महराजगंज सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र में स्थित बनरसिहा कला

महराजगंज: सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र में स्थित बनरसिहा कला (बुद्धकालीन देवहद ) स्थित बुद्ध की ननिहाल में उत्खनन कार्य कराया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने अपनी सहमति जताते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को पत्र भेज दिया है। यहां से अनुमति मिलते ही उत्खनन का कार्य आरंभ किया जाएगा।
बनरसिहा कला के टीले नुमे स्थान को पुरातत्वविद बुद्धकालीन देवदह नगर के रूप में पहचानते हैं। यहीं पर बुद्ध की ननिहाल होने का दावा भी किया जाता है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन इस पूरे क्षेत्र के विकास का खाका तैयार कर रहा है। यहां पर गेस्ट हाउस के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अनु सचिव विनय श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। शासन की इस पहल के बाद शीघ्र ही यहां उत्खनन कार्य आरंभ कराए जाने की उम्मीद जगी है। पुरातत्वविद डा.परशुराम गुप्त ने बताया कि शासन की यह पहल अपने आप में महत्वपूर्ण है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने भी इस मुद्दे को कई बार संसद में उठाया है। उत्खनन के बाद पहचान पुष्ट होने से इस क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। बड़ी संख्या में बौद्ध धर्मावलंबियों के आने से भी इस क्षेत्र में पर्यटन का विकास होगा।
---
देवदह व रामग्राम के विकास के लिए लगातार पहल की जा रही है। यहां पर कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निश्चित रूप से उत्खनन कार्य होने से विकास कार्य को और गति मिलेगी।
सत्येन्द्र कुमार, जिलाधिकारी, महराजगंज
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।