विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत के अनुदान से बनेगी मोतिहारी-सर्लाही LPG पाइपलाइन, 30 अरब रुपये आएगी लागत

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:36 AM (IST)

नेपाल ने मोतिहारी-सर्लाही एलपीजी पाइपलाइन परियोजना के लिए भारत से शत-प्रतिशत अनुदान मांगा है। यह 131 किमी लंबी पाइपलाइन नेपाल में गैस आपूर्ति को सुरक्षित, सस्ती और सुगम बनाएगी।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. नेपाल ने मोतिहारी-सर्लाही एलपीजी पाइपलाइन के लिए भारत से अनुदान मांगा।

  2. 131 किमी लंबी पाइपलाइन से गैस आपूर्ति होगी सुरक्षित और सस्ती।

  3. सर्लाही में 50 हजार मीट्रिक टन गैस भंडारण गृह स्थापित होगा।

संवाद सूत्र, सोनौली। भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को नई मजबूती मिलने जा रही है। नेपाल सरकार ने प्रस्तावित मोतिहारी-सर्लाही एलपीजी गैस पाइपलाइन परियोजना को भारत सरकार के शत-प्रतिशत अनुदान से पूरा कराने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया है। करीब 25 से 30 अरब नेपाली रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना से नेपाल में गैस की आपूर्ति अधिक सुरक्षित, सस्ती और सुगम होने की उम्मीद है। नेपाल आयल निगम ने इस संबंध में उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय के माध्यम से भारत सरकार से सहयोग मांगा है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 22-23 नवंबर को भारत यात्रा के दौरान जारी संयुक्त वक्तव्य के बिंदु संख्या 16 में सीमापार कनेक्टिविटी के तहत गैस पाइपलाइन निर्माण की संभावनाओं पर विचार करने को प्राथमिकता दी गई है। इसी आधार पर नेपाल ने पेट्रोलियम पाइपलाइन की तर्ज पर एलपीजी परियोजना के लिए भी भारतीय अनुदान की पहल तेज कर दी है।

नेपाल आयल निगम के निदेशक विनीतमणि उपाध्याय के अनुसार, प्रस्तावित पाइपलाइन भारत के मोतिहारी से शुरू होकर नेपाल के सर्लाही तक पहुंचेगी। इसकी कुल लंबाई करीब 131 किलोमीटर होगी। इसमें मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के मार्ग से पथलैया तक पहुंचने और वहां से सर्लाही तक करीब 60-62 किलोमीटर विस्तार की योजना है।

परियोजना के तहत 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता का गैस भंडारण गृह बनाया जाएगा। इसमें 15 हजार टन क्षमता के तीन टैंक होंगे। इसके अलावा प्रतिदिन 25 हजार सिलिंडर भरने वाला आधुनिक प्लांट और आपातकालीन स्थिति में 15 हजार सिलिंडर प्रतिदिन भरने की क्षमता वाला अलग केंद्र स्थापित किया जाएगा।

परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए नेपाल आयल निगम और भारतीय आयल कारपोरेशन के बीच तकनीकी स्तर पर बातचीत चल रही है। जमीन की मिट्टी जांच रिपोर्ट और सर्वे संबंधी दस्तावेज भी साझा किए जा रहे हैं। डीपीआर तैयार होने के बाद वित्तीय स्वरूप और निर्माण की आगे की प्रक्रिया तय होगी।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में 35 करोड़ की लागत से चौड़ी होगी हनुमानगढ़ी-भिटौली सड़क, 50 से अधिक गांवों को मिलेगी सुविधा

फिलहाल नेपाल को भारत की विभिन्न रिफाइनरियों से टैंकरों के जरिए एलपीजी की आपूर्ति होती है। लंबी दूरी, परिवहन खर्च, सड़क जाम और दुर्घटनाओं के जोखिम से आपूर्ति प्रभावित होती है। पाइपलाइन बनने से ढुलाई खर्च में बड़ी बचत के साथ गैस आपूर्ति की निर्भरता और जोखिम कम होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- महराजगंज के बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल: 8 नए बीईओ को मिला कार्यक्षेत्र, 5 को अतिरिक्त प्रभार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।