महराजगंज में 35 करोड़ की लागत से चौड़ी होगी हनुमानगढ़ी-भिटौली सड़क, 50 से अधिक गांवों को मिलेगी सुविधा
महराजगंज में हनुमानगढ़ी-भिटौली मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 35 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना को मंजूरी दी है। यह 10 किलोमीटर लंबा मार्ग 50 से अधिक गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा प्रदान करेगा, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
-1795490581075_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
हनुमानगढ़ी-भिटौली मार्ग के चौड़ीकरण को शासन से मंजूरी।
परियोजना पर 35 करोड़ दो लाख रुपये होंगे खर्च।
50 से अधिक गांवों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में हनुमानगढ़ी-भिटौली मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की परियोजना को शासन ने मंजूरी दे दी है। 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के कायाकल्प पर 35 करोड़ दो लाख 43 हजार रुपये खर्च होंगे। इससे आसपास के 50 से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। लंबे समय से बेहतर सड़क की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को अब निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तावित यह कार्य हनुमानगढ़ी-भिटौली मार्ग के चैनेज 0.00 से 10.00 किलोमीटर तक कराया जाएगा। शासन ने परियोजना के लिए 35 करोड़ दो लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें पांच वर्ष का अनुरक्षण भी शामिल है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए प्रथम किस्त में तीन करोड़ 50 लाख 24 हजार रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।
मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। आसपास के गांवों का संपर्क भी बेहतर होगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि शासन ने निर्माण कार्य 18 महीने के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है।
विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत हूं
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्वीकृति के लिए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। कहा कि विकास का लाभ प्रत्येक वर्ग और गांव तक पहुंचाना संकल्प है।
स्वीकृति पर जिला पंचायत सदस्य अभय बहादुर सिंह, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, ठाकुर रौनियार, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बैजनाथ गुप्ता, राजीव द्विवेदी, नरेंद्र पटेल, प्रधान संतोष गुप्ता, राम नारायण गुप्ता, राम आशीष, राकेश अग्रहरी, मुरली निगम, विजय पटेल और श्रवण निगम सहित अन्य लोगों ने विधायक के प्रति आभार जताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।