भैरहवा और कुशीनगर एयरपोर्ट को लगेंगे पंख, नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह की भारत यात्रा से जगी उम्मीद
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की संभावित भारत यात्रा से भैरहवा और कुशीनगर हवाई अड्डों के बीच सीधी उड़ानें शुरू ...और पढ़ें

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह। जागरण
HighLights
नेपाल पीएम बालेंद्र शाह की भारत यात्रा संभावित।
भैरहवा-कुशीनगर सीधी उड़ानें शुरू होने की उम्मीद।
भारत-नेपाल संबंध और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा।
विश्वदीपक त्रिपाठी, महराजगंज। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की 22-25 नवंबर को संभावित भारत यात्रा को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र में उत्साह है। यात्रा की तिथि और एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए हाल में काठमांडू पहुंचे भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रस्तावित मुद्दों पर चर्चा की थी।
पोखरा और भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों तक पहुंच बेहतर बनाने के लिए नेपाल ने भैरहवा-कुशीनगर, पोखरा-वाराणसी और नेपालगंज-दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। इन प्रस्तावों पर चर्चा के लिए दोनों पक्ष जल्द ही तकनीकी स्तर की बैठक करने की योजना बना रहे हैं। दोनों देशों के बीच नियमित उड़ानें शुरू होने से आवागमन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
तीसरे देश के साथ व्यापार सहज बनाने के लिए गुजरात और ओडिशा में दो अतिरिक्त भारतीय बंदरगाहों तक पहुंचने का प्रस्ताव भी चर्चा के केंद्र में रहने की संभावना है। रुपंदेही, नवलपरासी, कपिलवस्तु और चितवन सहित सीमावर्ती जिलों के लोगों को उम्मीद है कि यात्रा से भारत-नेपाल संबंध और बेहतर होंगे। आवागमन सुगम होने से दोनों देशों में रहने वाले रिश्तेदारों का एक-दूसरे के यहां आना-जाना भी बढ़ेगा।
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन अक्टूबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इसके बाद भी यहां से नियमित और व्यावसायिक उड़ानें संचालित नहीं हो पा रहीं हैं। यहां के 3.2 किलोमीटर लंबे और 46 मीटर चौड़े रनवे पर बड़े विमानों को उतारा जा सकता है। कमोवेश यही स्थिति गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, भैरहवा की भी है।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में केरल से लौटे सुरेंद्र की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
मई 2022 को तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने उद्घाटन किया था। हालांकि, इसके बाद से यहां नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू नहीं हो सकी हैं। एयरपोर्ट के कार्यकारी अध्यक्ष विजयकांत कर्ण के अनुसार, तीन हजार मीटर लंबे रनवे व सालाना करीब 10 लाख यात्रियों की क्षमता वाले इस टर्मिनल पर एक साथ पांच अंतरराष्ट्रीय विमानों की पार्किंग सुविधा है। इसके बावजूद एयरपोर्ट का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसका असर नेपाल के पर्यटन उद्योग पर भी पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भारत दौरा काफी अहम है। दोनों देशों के व्यापार को विस्तार देने, कनेक्टिविटी मजबूत करने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए सार्थक वार्ता होगी। साझा विकास के लिए अवसर खोलना इस यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि होंगी।
-कन्हैया बनिया, सांसद, क्षेत्र नंबर चार , लुंबिनी प्रदेश
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से रोटी-बेटी का रिश्ता है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के दौरे में व्यापक विमर्श से दोनों देशों के रिश्तों को नया आयाम मिलेगा । खासकर सीमा क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ होगा।
-सीके गुप्ता, विधायक, क्षेत्र नंबर पांच (ख), लुंबिनी प्रदेश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।