महराजगंज: ननिहाल में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, इलाज के दौरान SSB जवान के किशोर बेटे की मौत
महराजगंज में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली लगने से घायल किशोर सहजाद की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। एसएसबी जवान के बेटे सहजाद को ननिहाल में खेलते समय गोली लगी थी।
-1795764724310_m.webp)
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
लाइसेंसी पिस्टल से गोली लगने से किशोर सहजाद की मृत्यु।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई मौत।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली से घायल किशोर सहजाद की गोरखपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार की सायं मृत्यु हो गई। किशोर के पेट में गोली लगी थी। घटना सोनौली थाना क्षेत्र के जारा गांव स्थित उसके ननिहाल में हुई थी। घटना के बाद से ही उसका उपचार बीआरडी मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में चल रहा था। किशोर की मृत्यु के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है।
परसामलिक थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गांव निवासी मकबूल बलरामपुर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह करीब 15 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। 23 नवंबर की शाम वह अपनी पत्नी और बेटे सहजाद के साथ सोनौली थाना क्षेत्र के जारा गांव स्थित अपनी ससुराल गए थे।
बताया जा रहा है कि मकबूल के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जो लोड अवस्था में रखी हुई थी। इसी दौरान उनका बेटा सहजाद पिस्टल उठाकर उससे छेड़छाड़ करने लगा। इस बीच अचानक गोली चल गई, जो किशोर के पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद स्वजन आनन-फानन में उसे लेकर गोरखपुर पहुंचे और मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को तत्काल नहीं दी गई थी। बाद में मेडिकल कालेज से गनशाट इंजरी की सूचना गुलरिहा थाने को मिली। वहां से मंगलवार शाम करीब सात बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। उधर, ट्रामा सेंटर के आइसीयू में भर्ती सहजाद की हालत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन गुरुवार की शाम उसने दम तोड़ दिया।
सहजाद कक्षा आठ का छात्र था। घटना के बाद उसके पिता मकबूल के बाएं हाथ में भी पट्टी बंधी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि उनके हाथ में चोट कैसे लगी है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में शादी समारोह के बीच हैवानियत, 85 वर्षीय वृद्धा ने अस्पताल में तोड़ा दम
सोनौली थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने किशोर की मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- महराजगंज के शोरूम में लगी आग: 26 स्कूटी और सात ई-रिक्शा जलकर राख, सिलिंडर भी फटा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।