महराजगंज के शोरूम में लगी आग: 26 स्कूटी और सात ई-रिक्शा जलकर राख, सिलिंडर भी फटा
महराजगंज के परतावल स्थित एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे 26 स्कूटी, 7 ई-रिक्शा और 20 बैटरियां जलकर राख हो गईं।

महराजगंज के इलेक्ट्रिक वाहनों के एक शोरूम में धधकती आग। जागरण
HighLights
महराजगंज के इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी भीषण आग।
26 स्कूटी, 7 ई-रिक्शा और 20 बैटरियां जलकर राख।
आग से लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान, सिलेंडर फटा।
संवाद सूत्र, महराजगंज। इलेक्ट्रिक वाहन के एक शोरूम में गुरुवार की शाम सात बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोरूम से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के दुकानदारों और राहगीर घबरा गए। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखे करीब 26 स्कूटी, सात ई-रिक्शा और 20 बैटरियां जल गईं। आग के दौरान दुकान में रखा एक सिलेंडर भी फट गया।
आनंदनगर के पोखरभिंडा चौराहा निवासी शंभू जायसवाल का परतावल में मां दुर्गा आटो शोरूम है। गुरुवार की शाम शोरूम में सभी कर्मचारी अपने-अपने काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता देखकर आसपास के दुकानदार अपनी जान जोखिम में डालकर उसे बुझाने में जुट गए।
मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार तेज होती गईं। आग लगने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की विकरालता को देखते हुए दूसरी दमकल गाड़ी भी बुलानी पड़ी। घंटों की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस बीच शोरूम में रखा सिलेंडर भी फट गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
कितने के नुकसान का अनुमान?
आग बुझाने के दौरान बगल में बाइक की मरम्मत करने वाले विनोद पासवान को हल्की चोट आई। आग से शोरूम में रखे दोपहिया और इलेक्ट्रिक वाहन के साथ ही बैटरियां पूरी तरह जल गईं। नुकसान करीब 20 लाख रुपये होने की चर्चा है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी नहीं हो सका है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष श्यामदेउरवां महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 'अखिलेश भी जेल आएं तो पता चले वहां कैसे गुजरते हैं दिन-रात', मंच पर छलका आजम खां का दर्द
वहीं, थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।