'अखिलेश भी जेल आएं तो पता चले वहां कैसे गुजरते हैं दिन-रात', मंच पर छलका आजम खां का दर्द
सपा के घोषणापत्र जारी होने से पहले आजम खां ने जेल में बिताए अपने दर्द को साझा किया और कहा कि वह चाहते हैं कि अखिलेश यादव भी जेल आएं ताकि उन्हें वहां के दिन-रात का पता चले।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सपा के सीनियर नेता आजम खां। फोटो: सोशल मीडिया।
HighLights
आजम खां ने जेल में बिताए अपने दर्दनाक अनुभव साझा किए।
अखिलेश यादव को जेल आने की इच्छा व्यक्त की, ताकि अनुभव करें।
सपा घोषणापत्र पर बोले, जो नहीं लिखा, वह भी होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव के लिए सपा का घोषणापत्र जारी होने के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां के बयानों ने सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। आजम ने कहा, हम उन चंद बेवकूफ लोगों में से हैं, जिन्होंने एक ही खानदान के लिए अपना आधा जीवन गुजार दिया। जिनके लिए सब कुछ किया, मैं आधी सदी तक उनके साथ रहा और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया।
इस दौरान उन्होंने जेल के रहने के दर्द को बयां करते हुए कहा कि वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम से अक्सर कहते थे कि दिल चाहता है कि अखिलेश यादव भी जेल आ जाएं, ताकि उन्हें पता चले कि जेल में दिन और रात कैसे गुजरते हैं।
गुरुवार को होटल सेंट्रल में सपा का घोषणा पत्र जारी होने से पहले आजम ने अपने संबोधन में जेल में बिताए वक्त और तकलीफ साझा की। अखिलेश के प्रति आभार भी जताया और कहा कि उनसे कोई गलती हो जाए तो माफ कर देंगे। कहा कि साढ़े पांच साल जेल की कोठरी में रहने से उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर पड़ा है।
मुलायम सिंह के साथ गुजारी आधी सदी
इतने जुल्म हुए कि कोई कमजोर इंसान होता तो मर जाता। बोले, हम बड़े सख्त जान थे, जो आज आपके सामने जिंदा खड़े हैं। आधी सदी मुलायम सिंह यादव के साथ गुजारी है और अब अखिलेश के साथ हैं। हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे। घोषणा पत्र पर कहा कि यह महज चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं है कि उसमें जो लिख दिया गया, बस वही होगा। जो नहीं लिखा है, वह भी होगा।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को बना सकते हैं, लेकिन वे किसी सरकार के गठन को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
सपा प्रमुख को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो लोग उन्हें परेशान कर रहे हैं, उनका राजनीतिक कद भी कहीं न कहीं उन्होंने ही बड़ा किया है। मैंने ऐसे लोगों की दवा की है। हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं।
अखिलेश के बगल में बैठे आजम
कार्यक्रम में मंच पर अखिलेश यादव के बगल में दांयी ओर आजम खां और बांयी ओर फैजाबाद(अयोध्या) से सांसद अवधेश प्रसाद को बिठाकर भी पीडीए का संदेश देने कही कोशिश की गईं। मंच पर मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद इकरा हसन सहित कई नेता मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।