महराजगंज में 'महराज ब्रांड' से महिलाओं को पहचान, सालाना 1.05 करोड़ का कारोबार
महराजगंज में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं 'महराज ब्रांड' के तहत सामुदायिक शौचालयों के लिए स्वच्छता उत्पाद बना रही हैं। ...और पढ़ें
-1791452215187_m.webp)
फिनायल, हैंडवाश समेत अन्य स्वच्छता सामग्री तैयार कर गांव-गांव पहुंचा रहीं समूह की महिलाएं। जागरण
HighLights
स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बना रहीं स्वच्छता उत्पाद।
'महराज ब्रांड' के तहत सामुदायिक शौचालयों को आपूर्ति।
सालाना 1.05 करोड़ रुपये का कारोबार, महिलाओं को रोजगार।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के साथ उनके उत्पादों के लिए सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराने की पहल अब जमीन पर दिखाई देने लगी है। जिले की 882 ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों में महराज ब्रांड के तहत समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार फिनायल, हैंडवाश समेत अन्य स्वच्छता उत्पादों की आपूर्ति शुरू हो गई है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत से इन उत्पादों की किट के लिए समूहों को हर माह एक हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा है। इस व्यवस्था से जिले में प्रतिमाह 8.82 लाख रुपये और सालाना एक करोड़ पांच लाख 84 हजार रुपये (1.05 करोड़ रुपये) का कारोबार समूहों के माध्यम से होने का अनुमान है। इससे महिलाओं को नियमित आय का अवसर भी मिलेगा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से शुरू की गई इस पहल के तहत समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को महराज ब्रांड नाम दिया गया है। स्वच्छता किट में सामुदायिक शौचालयों में इस्तेमाल होने वाली फिनायल, हैंडवाश सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
इससे ग्राम पंचायतों को स्वच्छता सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही है और समूहों की महिलाओं के उत्पादों के लिए स्थायी बाजार भी तैयार हुआ है। जिले के सभी 12 ब्लाकों में संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने स्वच्छता सामग्री का निर्माण शुरू कर दिया है, और इसकी आपूर्ति भी की जा रही है।
पहले जहां ग्राम पंचायतों को ऐसी सामग्री बाजार से खरीदनी पड़ती थी, वहीं अब स्थानीय समूहों से तैयार कराकर आपूर्ति की जा रही है। इससे उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं को उनके ही जिले में बिक्री का अवसर मिल रहा है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत से मिलने वाले एक हजार रुपये के मासिक भुगतान के आधार पर 882 ग्राम पंचायतों से समूहों को 8.82 लाख रुपये प्रतिमाह प्राप्त होंगे। 12 माह में यह राशि 1.05 करोड़ रुपये से अधिक होगी। इस तरह सामुदायिक शौचालयों की नियमित जरूरत पूरी होने के साथ महिला समूहों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में अवैध सागौन से लदा पिकअप पकड़ा, चकमा देकर तस्कर फरार
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए महराज ब्रांड की पहल की गई है। सामुदायिक शौचालयों में उपयोग होने वाली स्वच्छता सामग्री समूहों से तैयार कराने से महिलाओं को रोजगार और उनके उत्पादों को सुनिश्चित बाजार मिला है।
