जिस बोर्ड पर लिखा था 'थूकना मना है', उसे ही पान की पीक मारकर कर दिया लाल; यूपी के महराजगंज में अजब-गजब मामला
महराजगंज तहसील परिसर में 'थूकना मना है' लिखे चेतावनी बोर्ड पर ही पान की पीक थूक दी गई, जिससे लोगों में नाराजगी है।

नौतनवा में चेतावनी बोर्ड पर पान की पीक का निशान
HighLights
महराजगंज तहसील में 'थूकना मना है' बोर्ड पर थूका पान।
चेतावनी बोर्ड पर थूकने से लोगों में भारी नाराजगी।
उपजिलाधिकारी ने दोषियों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। तहसील परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगाए गए चेतावनी बोर्ड पर ही पान-मसाले की पीक मारने का मामला सामने आया है।
बोर्ड पर स्पष्ट रूप से गुटखा और पान-मसाला खाकर दीवार पर थूकने पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद किसी व्यक्ति ने उसी बोर्ड को निशाना बनाकर पिचकारी मार दी। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद तहसील परिसर में आने वाले लोगों में नाराजगी है।
तहसील की दीवारों को पान-गुटखे की पीक से बचाने के लिए उपजिलाधिकारी के आदेश पर जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें दीवार पर थूकने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के साथ एक हजार रुपये जुर्माना वसूलने की बात लिखी गई है।
एसडीएम बोले- होगी कार्रवाई
प्रशासन की मंशा थी कि सरकारी कार्यालय और परिसर साफ-सुथरे रहें, लेकिन शरारती तत्वों ने चेतावनी को ही नजर अंदाज कर दिया। जिस बोर्ड पर जुर्माने की चेतावनी लिखी थी, उसी पर पीक के निशान दिखाई देने लगे।
तहसील परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी और आम लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सरकारी भवन और परिसर की दीवारों पर पान-गुटखे की पीक से गंदगी फैलने पर लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि जब चेतावनी बोर्ड लगाने के बाद भी इस तरह की हरकत हो रही है तो जिम्मेदारों को परिसर में निगरानी बढ़ाने के साथ दोषी की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए।
उपजिलाधिकारी कुणाल ने कहा कि सरकारी कार्यालयों और परिसर को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। चेतावनी के बावजूद इस तरह गंदगी फैलाना गंभीर और अशोभनीय है। शासकीय आदेश का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
