महराजगंज के बाबूलाल ने गौपालन से बदली किस्मत, बने आत्मनिर्भरता की मिसाल
महराजगंज के बाबूलाल ने नौकरी न मिलने पर गौपालन को रोजगार का जरिया बनाया। वे सालाना छह लाख रुपये कमाते ...और पढ़ें

नौकरी नहीं मिली तो गो पालन को बनाया रोजगार का जरिया। जागरण
HighLights
नौकरी न मिलने पर बाबूलाल ने गौपालन को बनाया रोजगार का जरिया।
तीन गायों से सालाना छह लाख रुपये की कमाई कर रहे।
बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च उठा रहे, बने प्रेरणास्रोत।
सुशील शुक्ल, भिटौली, (महराजगंज)। तकदीर की लकीरों को कोसने के बजाय मेहनत के पसीने से अपनी किस्मत बदलने का जज्बा हो तो मुश्किल हालात भी सफलता की राह
में बाधा नहीं बनते। कुछ ऐसी ही मिसाल घुघली विकास खंड के लक्ष्मीपुर खास निवासी बाबूलाल ने पेश की है। नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और गौपालन को स्वरोजगार का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख दी। आज दुग्ध उत्पादन के जरिए न केवल वह अपने छह सदस्यीय परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, बल्कि अपने बच्चों को उच्च शिक्षा भी दिला रहे हैं।
बाबूलाल के पास वर्तमान में तीन गाय हैं। इनकी देखभाल वह स्वयं करते हैं। गांव के बाहर उन्होंने अपना एक मकान बनाकर मिनी डेयरी स्थापित की है। तीनों गायों से प्रतिदिन करीब 30 लीटर दूध का उत्पादन होता है। क्षेत्र में दूध की मांग को देखते हुए वह इसकी बिक्री करते हैं। इससे उन्हें प्रतिदिन करीब 1800 रुपये और महीने में लगभग 54 हजार रुपये की आमदनी होती है।
इसके अलावा गोबर की बिक्री से भी उन्हें अच्छी आय हो जाती है। वह सालभर में 20 से 30 ट्राली गोबर बेचते हैं। प्रति ट्राली दो से ढाई हजार रुपये मिल जाते हैं। इस तरह दूध और गोबर की बिक्री से उनकी सालाना आय करीब छह लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
बाबूलाल की मेहनत का असर परिवार की तरक्की में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने अपनी बेटी रीमा को बीफार्मा, बेटे बृजेश को बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई करा रहे हैं, जबकि बेटी रोमा गुप्ता को नीट की तैयारी करा रहे हैं। गौपालन से होने वाली आमदनी से बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना साकार करने में जुटे हैं। उनका मानना है कि मेहनत और लगन से किया गया कोई भी काम छोटा नहीं होता। नौकरी के पीछे भागने के बजाय स्वरोजगार अपनाकर भी सम्मानजनक जीवन जिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का दारौंदा में होगा ठहराव, गुजरात जाने वाले सिवान के यात्रियों को राहत
युवाओं को संदेश:
बाबूलाल कहते हैं कि सोच बदलने से ही समाज में बदलाव आता है। रोजगार की तलाश में भटकने वाले युवाओं को अपनी सोच में बदलाव लाना चाहिए। यदि युवा आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लें तो वे न केवल खुद रोजगार पा सकते हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। मेहनत और सही दिशा में किए गए प्रयास से तरक्की की राह खुद बनाई जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।