भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का दारौंदा में होगा ठहराव, गुजरात जाने वाले सिवान के यात्रियों को राहत
रेलवे ने भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव दारौंदा जंक्शन पर स्वीकृत कर दिया है, जिससे सिवान के यात्रियों को गुजरात सहित अन्य राज्यों की यात्रा में सुविधा होगी।

दारौंदा स्टेशन पर रुकेगी अमृत भारत एक्सप्रेस। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का दारौंदा जंक्शन पर ठहराव स्वीकृत।
सिवान के यात्रियों, खासकर गुजरात जाने वालों को सीधा लाभ।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद सीग्रीवाल को दी जानकारी।
संवाद सूत्र, दारौंदा (सिवान)। गुजरात सहित देश के दूसरे राज्यों में रोजगार और कारोबार के सिलसिले में आने-जाने वाले सिवान के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है।
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव अब दारौंदा जंक्शन पर भी होगा। रेलवे ने ट्रेन संख्या 19427/19428 के यहां ठहराव को स्वीकृति दे दी है।
इससे दारौंदा और महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रानिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है।
ठहराव की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। हालांकि, ट्रेन किस तारीख से दारौंदा जंक्शन पर रुकेगी और यहां आने-जाने का समय क्या होगा, इसकी आधिकारिक समय-सारिणी अभी जारी नहीं हुई है।
गुजरात में काम करने वालों को होगा सीधा लाभ
दारौंदा और महाराजगंज क्षेत्र के काफी लोग रोजगार के लिए गुजरात के विभिन्न शहरों में रहते हैं। ऐसे में भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव मिलने से उन्हें घर आने-जाने में सुविधा होगी।
इसके अलावा नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर ट्रेन की उपलब्धता बढ़ने से आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर रेल संपर्क मिल सकेगा।
चार राज्यों के प्रमुख शहरों से जुड़ता है रेल मार्ग
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी तक चलती है। अपने मार्ग में यह गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों को जोड़ती है।
दारौंदा जंक्शन पर ठहराव होने से इन राज्यों के बीच यात्रा करने वाले स्थानीय यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।इस ठहराव से दारौंदा जंक्शन का महत्व भी बढ़ेगा। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इससे लंबी दूरी की रेल यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।