Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Weather: महाराजगंज में तापमान पहुंचा 37 डिग्री सेल्सियस, उमस ने बढ़ाई बेचैनी

    Updated: Sun, 06 Jul 2025 04:37 PM (IST)

    महराजगंज में रविवार को तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। उमस भरी गर्मी ने लोगों को दिन और रात में बेचैन कर दिया। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है और शीतल पेय पदार्थों से भी राहत नहीं मिल रही है। बिजली कटौती ने परेशानी और बढ़ा दी है। डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।

    Hero Image
    उमस भरी गर्मी से लोग परेशान । फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले में मौसम के तापमान में रविवार को अचानक वृद्धि हो गई। मौसम के बेरुखी से लोग परेशान रहे। सुबह से ही तेज धूप रही, जिससे उमस भरी गर्मी से लोग बेचैन रहे। गांव से लेकर शहर तक मौसम के तेवर तल्ख होने से लोगों को न दिन में सकून है और न रात को चैन है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिले के मौसम का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले एक सप्ताह से तराई के मौसम का मिजाज रोज बदल रहा है। मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह चिलचिलाती धूप हो रही है और कभी-कभी दोपहर व तीसरे पहर में हल्की-हल्की वर्षा हो रही है। इसके बाद उमस और बढ़ जा रही है।

    बीते शनिवार को मौसम का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन रविवार का अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि न्यनूतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है। बावजूद उमस और गर्मी बरकरार है। सुबह धूप निकलने के बाद करीब दस बजे आसमान में बदली छाई रही। लेकिन जैसे-जैसे समय का चक्र बढ़ता गया, वैसे ही वैसे सूर्य के तेवर भी तेज हो गए।

    महराजगंज, फरेंदा, निचलौल और नौतनवा आदि क्षेत्रों में गर्मी के कारण लोग पसीने से तर नजर आए। राहत पाने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों जैसे नींबू पानी, जूस, बर्फ पानी और लस्सी का सहारा ले रहे हैं। बावजूद गर्मी से कोई विशेष राहत नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी विकट है।

    वहां के लोग तपती धूप से बचने के लिए नलकूपों और हैंडपंपों पर नहाकर शरीर को ठंडक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, बिजली की आंखमिचौली ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पंखे और कूलर जैसे राहत देने वाले उपकरण भी बेअसर हो गए हैं। गर्मी अधिक होने की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। बीमारियों से बचने के लिए धूप में बाहर निकलते समय छाता या टोपी का प्रयोग करें।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि इस मौसम में सभी को बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है। दोपहर में अधिक धूप में बाहर निकलने से बचें।