महराजगंज में बाइक की ठोकर से गड्ढे में गिरा 6 वर्षीय मासूम, मौत से परिवार में कोहराम
महाराजगंज में बाइक की ठोकर लगने से छह वर्षीय मासूम पानी से भरे गड्ढे में गिरकर मर गया। इस हादसे ...और पढ़ें

HighLights
बाइक की ठोकर से छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मृत्यु।
पानी से भरे गड्ढे में गिरने से हुई मौत।
वृद्धा गंभीर घायल, बाइक चालक भी हुआ जख्मी।
संवाद सूत्र, सिंदुरिया। बाइक की ठोकर लगने के बाद सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह वर्षीय मासूम की मृत्यु हो गई । हादसे में 60 वर्षीय वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, बाइक सवार चालक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। बच्चे की मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया।
गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के बड़ी कटैया निवासी सुमित्रा देवी अपने छह वर्षीय बेटे सन्नी, डेढ़ वर्षीय बेटी लाडो, बहन सुशीला देवी, बहन की सास घूरा देवी एवं भाई पूर्णमासी, बहन के बेटे श्याम के साथ पैदल सिंदुरिया से कम्हरिया स्थित सुशीला देवी के घर जा रही थीं। इसी दौरान गुरुवार की रात कोठीभार थाना क्षेत्र के हेवती गांव निवासी जितेंद्र साहनी बाइक लेकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने पैदल जा रहे लोगों को ठोकर मार दी। टक्कर लगने से घूरा देवी गिर गईं, जबकि सन्नी सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजन और स्थानीय लोग पहले बाइक सवार को पकड़ने में जुट गए।
उसके बाद जब बच्चे की तलाश शुरू हुई तो सन्नी पानी में डूबा मिला। आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर मामा पूर्णमासी और अन्य लोग जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- 'बाबा, गहने पैकेट में रख लीजिए', इतना कहकर औरंगाबाद में कारोबारी से ठग लिए 25 लाख के गहने
गंभीर रूप से घायल घूरा देवी को उपचार के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार जितेंद्र साहनी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि प्रकरण की जानकारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
