विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बाबा, गहने पैकेट में रख लीजिए', इतना कहकर औरंगाबाद में कारोबारी से ठग लिए 25 लाख के गहने

Published: Fri, 23 Oct 2026 11:22 AM (IST)

औरंगाबाद में बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यवसायी से चालाकी से करीब 25 लाख रुपये के जेवरात ठग लिए। बदमाशों ...और पढ़ें

ठगी की घटना के बाद लगी भीड़। जागरण

ठगी की घटना के बाद लगी भीड़। जागरण

HighLights

  1. औरंगाबाद में व्यवसायी से 25 लाख के जेवरात की ठगी।

  2. बदमाशों ने चोरी का डर दिखाकर गहने हड़पे।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। नगर थाना क्षेत्र के महराजगंज रोड में बदमाशों ने चालाकी से एक व्यवसायी से करीब 25 लाख रुपये के जेवरात ठग लिए और मौके से फरार हो गए।

बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी को चोरी की घटनाओं का डर दिखाकर गहनों को एक पैकेट में रखने की सलाह दी। व्यवसायी उनकी बातों में आ गए और जेवरात पैकेट में रखने लगे।

इसी दौरान बदमाश सभी जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यवसायी महराजगंज निवासी रघुनंदन साव ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

मशीनरी पार्ट्स की दुकान जा रहे थे रघुनंदन साव 

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार, व्यवसायी अपने कुछ आभूषण पहने महराजगंज रोड स्थित मशीनरी पार्ट्स के दुकान में जा रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने उनसे कहा कि बाबा, इन दिनों बहुत जेवरात की चोरी हो रही है। आप अपनी ज्‍वेलरी निकालकर पैकेट में रख लीजिए।

बदमाशों की बातों पर भरोसा कर व्यवसायी ने जेवरात पैकेट में रखने शुरू कर दिए। इसी दौरान बदमाशों ने चालाकी से सभी जेवरात अपने कब्जे में ले लिए और बाइक से फरार हो गए।

व्यवसायी जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश उनकी पहुंच से दूर जा चुके थे। बदमाशों के हाथ लगे जेवरात में करीब 110 ग्राम वजन की सोने की चेन और पांच सोने की अंगूठियां शामिल हैं।

इन सभी जेवरात की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी परेशान हैं। दिनदहाड़े इस तरह झांसा देकर जेवरात लेकर भागने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

अब सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस 

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बदमाश किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में भागे, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।