UP News: महराजगंज के मधवलिया वन क्षेत्र में मृत मिला तेंदुआ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Maharajganj News महराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग में एक मादा तेंदुआ मृत मिली। ग्रामीणों ने तेंदुए को जंगल में देखकर वन विभाग को सूचना दी। पोस्टमार्टम किया गया लेकिन मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया जिसके चलते विसरा को बरेली भेजा गया है। तेंदुआ लगभग 13 वर्ष की थी।

जागरण संवाददाता (निचलौल) महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के मधवलिया वन क्षेत्र अंतर्गत सुकरहर गांव के सामने जंगल के समीप एक मादा तेंदुआ शनिवार को सुबह 10 बजे मृत अवस्था में मिला। वन विभाग की टीम ने उसका मधवलिया रेंज परिसर में बन रहे निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर में देर शाम पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आरवीआरआइ) बरेली भेज दिया गया है।
शनिवार की सुबह सुकरहर गांव की तरफ गए ग्रामीणों ने तेंदुआ को देखा, तो पहले वह डर गए। तेंदुआ अचेत पड़ा था। इसके बाद कुछ साहसी युवा लाठी-डंडा लेकर धीरे-धीरे आगे बढ़े और तेंदुआ के पास तक पहुंचे, लेकिन तेंदुआ के शरीर से कोई गतिविधि नहीं हो रही थी।
इसके बाद लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुआ के मृत्यु होने की पुष्टि की और शव को कब्जे में लेकर वन विभाग कार्यालय परिसर पहुंची। पशु चिकित्सक डा. उमाशंकर जायसवाल, डा. वीके सिंह व डा. दिलीप सिंह ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया।
डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए की मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। जिसके कारण विसरा सुरक्षित कर आइवीआरआइ बरेली भेजा गया है। तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित हैं। मादा तेंदुआ की उम्र लगभग 13 वर्ष है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।