रोहाना का मोबाइल लखनऊ भेजा, विदेशी संपर्कों और यात्राओं की जांच तेज
सोनौली सीमा पर पकड़ी गई इंडोनेशियाई महिला रोहाना का मोबाइल तकनीकी जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। पुलिस उसके ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नौतनवा। सोनौली सीमा पर पकड़ी गई इंडोनेशियाई महिला रोहाना के संपर्कों, विदेश यात्राओं और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। उसका मोबाइल तकनीकी जांच के लिए उत्तर प्रदेश राज्य फोरेंसिक विज्ञान संस्थान लखनऊ भेजा गया है।
दिल्ली स्थित संबंधित दूतावास को पत्र लिखकर विदेश यात्राओं का पूरा ब्योरा मांगा गया है। पुलिस जांच कर रही है कि रोहाना चीन, जापान और ताइवान कितनी बार गई और यात्राओं का उद्देश्य क्या था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि भारत में रहते हुए उसने स्थानीय लोगों की मदद से आधार कार्ड और पैन कार्ड कैसे बनवाए।
इन दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खोलने, संपत्ति खरीदने या अन्य सुविधाएं लेने की आशंका की भी जांच हो रही है। पुलिस टीम कोलकाता स्थित होगुआंग शान बुद्धिस्ट सेंटर जाकर रोहाना के जुड़ाव और भूमिका की जानकारी जुटाएगी।
यह भी पढ़ें- महराजगंज के बाबूलाल ने गौपालन से बदली किस्मत, बने आत्मनिर्भरता की मिसाल
पुलिस केंद्र के संचालक, वहां आने-जाने वालों और रोहाना के साथ रहने वाले जिग्मत पलजोर से उसके संबंधों की पड़ताल कर रही है। विवेचक उपनिरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि रोहाना का वीजा नौ नवंबर को समाप्त हुआ था और 10 नवंबर को उसे सोनौली सीमा पर पकड़ा गया। पुलिस जल्द ही कोलकाता जाकर सभी पहलुओं की जांच करेगी।