विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनौली सीमा पर फर्जी भारतीय पहचान के साथ इंडोनेशियाई महिला गिरफ्तार, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

Published: Thu, 12 Nov 2026 02:45 PM (IST)

सोनौली सीमा पर एक इंडोनेशियाई महिला को फर्जी भारतीय पहचान पत्र के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह 2005 से ...और पढ़ें

सोनौली थाने में गिरफ्तार इंडोनेशियाई महिला रोहाना। जागरण

सोनौली थाने में गिरफ्तार इंडोनेशियाई महिला रोहाना। जागरण

HighLights

  1. इंडोनेशियाई महिला सोनौली सीमा पर फर्जी भारतीय पहचान के साथ गिरफ्तार।

  2. 2005 से भारत में रहकर फर्जी वोटर आईडी, आधार बनवाए।

  3. कई देशों की यात्रा की, कोलकाता में बौद्ध केंद्र चलाती थी।

संवाद सूत्र (सोनौली) महराजगंज। भारतीय पहचान छिपाकर रह रही एक इंडोनेशियाई महिला को भारत-नेपाल की सोनौली सीमा से इमिग्रेशन विभाग ने गिरफ्तार किया है। महिला वर्ष 2005 में इंडोनेशिया से भारत आई थी। आरोप है कि उसने यहां फर्जी पहचान के आधार पर वोटर आइडी, आधार और पैन कार्ड सहित कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे।

मंगलवार को नेपाल के लुंबिनी जाने के लिए सोनौली सीमा पहुंचने पर संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। उसके पास इंडोनेशियाई पासपोर्ट के अलावा चीन और जापान के वीजा भी मिले हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंची थी। नेपाल जाने की प्रक्रिया के दौरान उसने भारतीय वोटर आइडी कार्ड प्रस्तुत किया। इस पर नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी। महिला हिंदी ठीक से नहीं बोल पा रही थी। उसके हावभाव और बातचीत पर संदेह होने पर अधिकारियों ने पूछताछ की तो उसने इंडोनेशियाई पासपोर्ट दिखाया।

इसमें उसका नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज मिली। पासपोर्ट 11 अगस्त 2033 तक वैध है, जबकि उसके पास मौजूद मल्टीपल एंट्री रोजगार वीजा की वैधता नौ नवंबर 2026 तक थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला वर्ष 2005 से भारत में रह रही थी। इस दौरान उसने कथित तौर पर ली किम लियन नाम से वोटर आइडी, आधार और पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बनवा लिए। उसके पास चीन और जापान के वीजा भी मिले।

जांच में यह भी जानकारी मिली कि वह भारत से चीन, जापान और ताइवान सहित कई देशों की यात्रा कर चुकी है। नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी। पूछताछ में महिला के कोलकाता में एक एनजीओ के माध्यम से फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन करने और अध्यक्ष पद पर कार्यरत होने की जानकारी भी सामने आई है। वह लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के संपर्क में थी।

यह भी पढ़ें- भैरहवा और कुशीनगर एयरपोर्ट को लगेंगे पंख, नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह की भारत यात्रा से जगी उम्मीद

बताया जा रहा है कि भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा के लिए वह तकनीकी सहायता उपलब्ध कराती थी। हालांकि, इन गतिविधियों और संपर्कों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। इमिग्रेशन विभाग ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में केरल से लौटे सुरेंद्र की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर की रात 11:59 बजे महिला के विरुद्ध धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कूटरचित दस्तावेजों का असली के रूप में इस्तेमाल करने तथा आव्रजन एवं विदेशी नागरिकों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके भारत में रहने, दस्तावेज बनवाने, विदेश यात्राओं और संपर्कों की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।