Maharajganj Weather: हल्की वर्षा के बाद बढ़ी उमस और गर्मी, बेचैन हुए लोग
महराजगंज में मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह सुहाना मौसम रहा फिर हल्की बारिश हुई जिससे कुछ देर के लिए राहत मिली। बारिश थमते ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी बढ़ गई जिससे लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रहा शाम को चहल-पहल बढ़ी लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले का मौसम रोज बदल रहा है। सुबह मौसम सुहाना रहा। इसके बाद 11 बजे के करीब हल्की वर्षा हुई। जिससे मौसम में नमी रही। कुछ देर तक लोगों ने राहत महसूस किया। किंतु जैसे ही 10 मिनट बाद वर्षा समाप्त हुई, तो तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी और बढ़ गई।
मौसम के तेवर तेज होने से लोग बेचैन हो गए। सूर्य की किरणों से जहां चेहरा लाल हो गया, वहीं लोग पसीने से तरबतर रहे। जिले के मौसम का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मंगलवार को आसमान में सुबह बदली छाई रही।
करीब 11 बजे कुछ क्षेत्रों में रुक-रुककर हल्की-हल्की वर्षा हुई। जिसके कारण लोग रेन कोट अथवा छाता के सहारे सड़कों पर आवाजाही करते नजर आए। कुछ लोग सड़क किनारे दुकानों के पास खड़े होकर वर्षा खत्म होने का इंतजार करते रहे। जैसे ही वर्षा समाप्त हुई तो इसके बाद बाद तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया।
दोपहर होते-होते धूप और तीखी हो गई। इसके साथ मौसम में उमस बढ़ गई। चिलचिलाती धूप से लोगों का हाल बेहाल रहा। पंखा और कूलर से भी राहत नहीं मिल पा रही थी। धूप के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा की स्थिति रही। सायं होने पर लोग घरों से निकले और बाजारों में चहल-पहल दिखी। हालांकि मौसम की बेरूखी देर रात तक जारी रही, जिससे लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।