सोने-चांदी के दाम गिरने से सराफा बाजार में लौटी रौनक, लग्न के लिए हल्के जेवरों की खरीदारी बढ़ी
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में रौनक लौट आई है, जिससे लग्न के लिए हल्के जेवरों की मांग बढ़ गई है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
सोने-चांदी के भाव आठ माह के निचले स्तर पर पहुंचे।
लग्न के लिए हल्के और आकर्षक जेवरों की मांग बढ़ी।
घटे भाव पर बुकिंग से ग्राहकों को मिल रहा लाभ।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में खरीदारी तेज हुई है। करीब आठ माह के निचले स्तर पर पहुंचे भाव ने लग्न की तैयारी कर रहे परिवारों को राहत दी है।
ग्राहकों को कम बजट में बेहतर जेवर खरीदने का अवसर मिल रहा है, जबकि पुराने भाव पर स्टाक रखने वाले कारोबारियों को नुकसान की चिंता है। कुछ कारोबारी बुकिंग पर घटे भाव का लाभ ग्राहकों को दे रहे हैं। वहीं, बड़े व्यापारियों की ओर से सोने की आपूर्ति सीमित किए जाने की बात सामने आई है।
जिले में गुरुवार को सोने का भाव 1,35,200 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 1,64,000 रुपये प्रति किलोग्राम बताया गया। कारोबारियों के अनुसार, दीपावली के समय सोना 1,44,500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1,91,500 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
पुराने भाव पर खरीदे गए स्टाक के कारण कारोबारियों को गिरावट से नुकसान हो रहा है। लग्न को देखते हुए सोने की चेन, अंगूठी, कान के टप्स, मंगलसूत्र और छोटे हार की मांग बढ़ी है। ग्राहक भारी सेट के बजाय हल्के और कम वजन वाले आकर्षक डिजाइन पसंद कर रहे हैं।
स्वर्ण कारोबारी अरविंद वर्मा ने बताया कि भाव घटने से जेवरों की मांग बढ़ी है। उनके यहां बुकिंग के समय ग्राहकों को बताया जाता है कि भाव बढ़ने पर पुरानी कीमत ली जाएगी और घटने पर कम भाव के अनुसार जेवर दिए जाएंगे। इससे आर्डर बढ़े हैं। हालांकि, बड़े कारोबारियों की ओर से सोने की आपूर्ति सीमित किए जाने से आर्डर पूरा करने में परेशानी हो रही है।
पुराने स्टाक वाले कारोबारियों का कहना है कि दीपावली पर ऊंचे भाव में खरीदे गए सोने-चांदी को अब कम कीमत पर बेचने से पूंजी प्रभावित हो रही है। ग्राहकों के अनुसार, भाव घटने से शादी की खरीदारी में राहत मिली है, लेकिन आगे और गिरावट की उम्मीद में कुछ लोग खरीदारी टाल रहे हैं। वहीं, कुछ परिवार इसी बजट में बेहतर डिजाइन और अधिक वजन के आभूषण लेने की तैयारी कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।