बिना गन्ना आवंटन के शुरू हुआ बॉयलर पूजन, गड़ौरा चीनी मिल पर सस्पेंस बरकरार
गड़ौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल में नए पेराई सत्र की तैयारियां तेज हैं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बायलर पूजन संपन्न हुआ। हालांकि, मिल को अभी तक गन्ना आवंटन नहीं हुआ है, जिससे इसके संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं और प्रबंधन ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ जेएचवी शुगर मिल का पूजन। जागरण
HighLights
गड़ौरा चीनी मिल में नए पेराई सत्र का बायलर पूजन संपन्न।
मिल को अभी तक गन्ने का आवंटन नहीं हुआ है।
गन्ना आवंटन के लिए मिल प्रबंधन ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
संवाद सूत्र, ठूठीबारी। गड़ौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल में नए पेराई सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मिल परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बायलर पूजन संपन्न हुआ। नारियल फोड़कर बायलर में अग्नि प्रवेश कराया गया और हवन कर मिल के सफल संचालन की कामना की गई। हालांकि, इस सत्र में मिल को अभी तक गन्ने का आवंटन नहीं हुआ है।
इसके बाद भी मिल प्रबंधन द्वारा बायलर पूजन और मिल संचालन को लेकर प्रश्न खड़े हो गए हैं, कि आखिर जब गन्ना ही नहीं मिलेगा तो मिल चलेगा कैसे। बुधवार की सुबह में पूजा-अर्चना पंडित अमरनाथ उर्फ रामू दूबे ने कराई। मुख्य यजमान के रूप में महाप्रबंधक इंजीनियरिंग विजय कुमार दीक्षित और महाप्रबंधक गन्ना विश्वामित्र सिंह ने पूजन किया।
महाप्रबंधक इंजीनियरिंग विजय कुमार दीक्षित ने बताया कि 26 और 27 नवंबर को मिल में मास्टर ट्रायल कराया जाएगा। इसके बाद मिल पेराई के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगी। मिल प्रबंधन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शासन और संबंधित अधिकारियों का आदेश मिलते ही गन्ने की पेराई शुरू कर दी जाएगी।
बाॅयलर पूजन के दौरान मिल इंजीनियर सीडी मिश्र, संतोष सिंह, बृजवासी सिंह, विजय विक्रम सिंह, जयनारायण यादव, स्टोर इंचार्ज विश्वजीत मिश्र, केमिस्ट अशोक, प्रखर, इंस्ट्रूमेंट विभाग के पंकज, शिवेश यादव, आनंद, शारदानंद यादव, अमला यादव, शिशुपाल, छोटई, सत्यनारायण, सुरेश, नीलेश राव, संजय मिश्र, यशवंत, आलोक कुमार, असिस्टेंट कैन मैनेजर अजय कुमार, कृष्णमोहन तिवारी, रामायण शर्मा और मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- भारत के अनुदान से बनेगी मोतिहारी-सर्लाही LPG पाइपलाइन, 30 अरब रुपये आएगी लागत
सुप्रीम कोर्ट में रखी है गन्ना आवंटन की मांग : विश्वामित्र सिंह
निचलौल : महाप्रबंधक गन्ना विश्वामित्र सिंह ने बताया कि मिल प्रबंधन ने गन्ना आवंटन के लिए सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है। चीनी मिल में बायलर पूजन करा दिया गया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि फैसला मिल के पक्ष में आएगा। कोर्ट का आदेश मिलते ही चीनी मिल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
गड़ौरा चीनी मिल को इस पेराई सत्र में बकाया भुगतान समेत अन्य कारणों के चलते गन्ने का आवंटन नहीं किया गया है। जिन चीनी मिलों को किसानों का गन्ना आवंटित किया गया है, नियमानुसार उन्हीं मिलों को आपूर्ति कराई जा रही है। यदि जेएचवी गड़ौरा चीनी मिल प्रबंधन की ओर से किसानों के बीच गन्ना आपूर्ति को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है तो प्रबंधन विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
- ओमप्रकाश सिंह यादव, जिला गन्ना अधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।