Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कर्ज से परेशान किसान ने जंगल में फांसी लगाकर दी जान, परिवारवालो का रो-रोकर बुरा हाल

    Updated: Sun, 25 May 2025 08:39 PM (IST)

    महराजगंज जिले के गोनहा गाँव में कर्ज में डूबे किसान सूर्यनाथ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बैंक से 75 हजार का कर्ज लिया था जो बढ़कर एक लाख से अधिक हो गया था। परिजनों का आरोप है कि बैंककर्मी कर्ज चुकाने के लिए दबाव बना रहे थे जिससे वह परेशान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसान क्रेडिट कार्ड से उन्होंने लोन लिया था।

    Hero Image
    घर से दो सौ मीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला शव। जागरण

    जासं, (मुजुरी) महराजगंज। कर्ज में डूबे महराजगंज जिले के गोनहा गांव निवासी किसान सूर्यनाथ ने रविवार की दोपहर फंदे से लटक कर जान दे दी।रविवार की दोपहर उनका शव घर से 200 मीटर दूर जंगल में मिला।उन्होंने 2022 में बैंक से 75 हजार का कर्ज लिया था, जो बढ़ कर एक लाख से अधिक हो गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वजन का आरोप है कि बैंककर्मी रुपया जमा कराने के लिए उनपर दबाव बना रहे थे।जिसके चलते वह परेशान थे।उनकी बहू ने भी स्वयं सहायता समूह से 65 हजार का ऋण लिया है। किसान के स्वजन ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर न्याय की गुहार लगाई है।पनियरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    सूर्यनाथ ने बड़ौदा यूपी बैंक की गांगी बाजार शाखा से वर्ष 2022 में 75 हजार रुपये किसान क्रेडिट कार्ड से लोन लिया था।वर्तमान में यह बढ़ कर के एक लाख से अधिक हो गया है।बैंक कर्मी किसान के घर जाकर उसे जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे। जिसके चलते वह परेशान रहते थे। उनके दो बेटे नगीना और दिलीप महाराष्ट्र में रहकर रोजी रोजगार करते हैं, जबकि तीसरा बृजलाल तथा चौथा बेटा शक्तिमान घर पर ही रहते हैं।

    शनिवार की रात सभी खा-पीकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। सूर्यनाथ रविवार की भोर में रोज की तरह घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। दोपहर तीन बजे के करीब घर से दो सौ मीटर दूर जंगल में पेड़ से लूंगी के सहारे फंदे से लटका उनका शव मिला। मृतक की बहू रुक्मिणी ने बताया कि बैंक कर्मी द्वारा बार-बार तगादा करने से वह काफी परेशान थे। 86 डिसमिल जमीन है, जिसमें 30 डिसमिल भूमि बंधक है।

    एक समूह से मेरे नाम से भी 65 हजार रुपये का ऋण है। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली है। बड़ौदा यूपी बैंक के शाखा प्रबंधक दीपांशु शर्मा ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। कौन बैंक कर्मी उनके घर जा रहा था, इसकी जांच कराई जाएगी।

    पनियरा थानाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि गोरखपुर जनपद के गुलरिहा जंगल में फंदे से लटका शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया स्वजन से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक काफी कर्जे में डूबा था।