लंबी छुट्टी पर गए थे महराजगंज ARTO, वापस लौटते ही हटाए गए... महाकुंभ के दौरान किया था ये बड़ा खेल
महाकुंभ के लिए अस्थाई बस स्टेशन न बनाकर 10 लाख रुपये निकालना एआरटीओ विनय कुमार को भारी पड़ा। जांच में सरकारी धन के गबन का खुलासा होने पर उन्हें हटाकर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, महराजगंज। महाकुंभ के दौरान महराजगंज में बिना अस्थाई बस स्टेशन बनाए ही 10 लाख रुपये निकालना सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) विनय कुमार को भारी पड़ गया है। जांच में सरकारी धन के गबन का मामला उजागर होने पर उन्हें पद से हटा कर परिवहन मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
उनके स्थान पर सिद्धार्थनगर में तैनात रहे सुरेश कुमार को महराजगंज नया एआरटीओ बनाया गया है।शुक्रवार को जिले में पहुंचे परिवहन आयुक्त भीमसेन ने सुरेश कुमार को कार्यभार ग्रहण कराया।
महाराजगंज में नहीं बनाया गया अस्थाई स्टेशन
महाकुंभ के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में अस्थाई बस स्टेशन बनाने के निर्देश दिए गए थे। यात्रियों की सुविधा के लिए इन स्टेशनों पर चारपाई, बिस्तर, शौचालय अदि की व्यवस्था करने का भी निर्देश था। एक माह तक यह व्यवस्था निरंतर चलनी थी। महराजगंज जिले में महाकुंभ के दौरान कहीं भी स्थाई बस स्टेशन नहीं बनाया गया।
यहां तक कि उसके नाम पर आए 10 लाख रुपये को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनय कुमार ने निकाल लिया। इस अनियमितता को लेकर ट्रक आपरेटर एसोसिएशन की ओर से की गई शिकायत के बाद जब जांच शुरू हुई , तो आनन-फानन में महाकुंभ बीतने के बाद जिम्मेदार अस्थाई बस स्टेशन का स्ट्रक्चर बनाकर वीडियोग्राफी कराने लगे।
लंबी छुट्टी पर चले गए एआरटीओ
वीडियोग्राफी कराने के दौरान ही लखनऊ से जांच टीम मौके पर पहुंच गई । जांच शुरू होते ही एआरटीओ विनय कुमार लंबी छुट्टी पर चले गए। जिसके बाद सिद्धार्थनगर के एआरटीओ को 23 अप्रैल को प्रभारी के तौर पर महराजगंज जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इधर फिर 30 अप्रैल को पहुंचकर एआरटीओ विनय कुमार ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया था। जिसके बाद गुरुवार को आरटीओ रामवृक्ष सोनकर ने पहुंचकर अभिलेखों की जांच पड़ताल की थी। शुक्रवार को उप परिवहन आयुक्त वाराणसी भीमसेन सिंह आरटीओ गोरखपुर के साथ महराजगंज पहुंचे।
उन्होंने एआरटीओ कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। जांच में वित्तीय अनियमितताओं और दस्तावेजों में गड़बड़ियों के स्पष्ट संकेत मिले। जिसके आधार पर एआरटीओ को तत्काल प्रभाव से महराजगंज से हटा दिया गया।
महाकुंभ के दौरान जिले में अस्थाई बस स्टेशन न बनाए जाने के मामले में जांच चल रही है। शासन के निर्देश के क्रम में महराजगंज में तैनात रहे एआरटीओ विनय कुमार को तत्काल प्रभाव से परिवहन मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इनके स्थान पर सिद्धार्थनगर के एआरटीओ सुरेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। -भीमसेन सिंह, उप परिवहन आयुक्त वाराणसी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।