विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर जूट की बोरियों की तस्करी का भंडाफोड़, 3840 बोरियां जब्त

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:17 PM (IST)

सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल भेजी जा रही 3840 जूट की बोरियां बरामद कीं और एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई दैनिक जागरण की खबर के बाद हुई, जिससे सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसा है।

जूट की बोरियों की तस्करी। जागरण

जूट की बोरियों की तस्करी। जागरण

HighLights

  1. भारत-नेपाल सीमा पर 3840 जूट की बोरियां बरामद।

  2. एसएसबी और कस्टम ने संयुक्त छापेमारी में की कार्रवाई।

  3. तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा और चालक गिरफ्तार किया गया।

जागरण संवाददाता, नौतनवा। भारत-नेपाल सीमा पर जूट की बोरियों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय होने संबंधी दैनिक जागरण के 28 नवंबर के अंक में प्रकाशित खबर को सुरक्षा एवं सीमा शुल्क एजेंसियों ने संज्ञान में लिया। इसके बाद शनिवार को एसएसबी और कस्टम की संयुक्त टीम ने हरदीडाली गांव में छापेमारी कर नेपाल भेजने के लिए एकत्रित की गईं 3840 जूट की बोरियां बरामद कीं।

मौके से तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा समेत चालक को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बोरियों को रात के अंधेरे में पगडंडियों के रास्ते साइकिल से नेपाल पहुंचाने की योजना थी। जागरण की खबर के बाद हुई इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों का शिकंजा कसने के संकेत मिले हैं।

28 नवंबर को शाम करीब चार बजे 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंपियरगंज की हरदीडाली बीओपी और नौतनवा कस्टम की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हरदीडाली गांव में जूट की बोरियां एकत्रित कर अवैध रूप से नेपाल भेजने की तैयारी की जा रही है। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 525 से करीब 900 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान 96 बंडलों में रखी 3840 जूट की बोरियां बरामद हुईं। कुछ बोरियां ई-रिक्शा पर लदी थीं।

मौके से ई-रिक्शा चालक राधेश्याम (34) निवासी महेंद्रनगर, वार्ड नंबर 13, पहाड़ी टोला, नौतनवा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि हरदीडाली निवासी रघुनाथ प्रसाद के कहने पर वह नौतनवा से 150 रुपये प्रति चक्कर के हिसाब से बोरियां लाकर जमा कर रहा था। योजना के अनुसार, रात में पगडंडियों के रास्ते साइकिल से इन बोरियों को नेपाल के रुपनदेही जिले के त्रिलोकपुर गांव, वार्ड नंबर दो निवासी रामप्रकाश के घर पहुंचाया जाना था।

सभी 3840 बोरियों, ई-रिक्शा और गिरफ्तार चालक को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया। एसएसबी के सहायक कमांडेंट जहांगीर सैनी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में सौतेली मां करा रही थी बुजुर्ग से शादी, दुल्हन के लिबास में मंडप छोड़ भागी युवती

संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, कस्टम के सहायक आयुक्त सुधीर त्यागी ने बताया कि सीमा पर अवैध कारोबार के विरुद्ध एसएसबी के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है। तस्करी में संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- नेपाल में भारतीय मुद्रा लेकर पहुंच रहे इंडियन, हेलमेट और बैग में भरकर हो रही तस्करी; नौ महीने में 10 गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।