नेपाल में भारतीय मुद्रा लेकर पहुंच रहे इंडियन, हेलमेट और बैग में भरकर हो रही तस्करी; नौ महीने में 10 गिरफ्तार
महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर भारतीय मुद्रा की अवैध तस्करी के मामले बढ़ रहे हैं। नौ मामलों में 10 भारतीयों को 40 लाख से अधिक रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया है।
-1795864140914_m.webp)
सोनौली सीमा का मुख्यद्वार। फोटो जागरण
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर भारतीय मुद्रा की अवैध तस्करी जारी।
हेलमेट, बैग में छिपाकर 40 लाख रुपये से अधिक बरामद।
नौ मामलों में 10 भारतीय नागरिक गिरफ्तार, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पार कर नेपाल में निर्धारित सीमा से अधिक भारतीय मुद्रा ले जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कभी हेलमेट के भीतर तो कभी बैग और बाइक की डिक्की में छिपाकर लाखों रुपये नेपाल पहुंचाए जा रहे हैं।
वर्ष 2025 और 2026 में सामने आए समाचारों के अनुसार, अब तक नौ अलग-अलग मामलों में 10 भारतीय नागरिकों को पकड़ा गया है। इनके पास से कुल 40 लाख 36 हजार 419 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
इन मामलों में कई जगह नकदी छिपाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए। विशाल यादव ने हेलमेट के अंदर नोट छिपाए थे, जबकि अशोक कुमार ने बाइक की डिक्की का इस्तेमाल किया।
संतोष सिंह के बैग से भी बड़ी रकम मिली। कई आरोपितों के पास से बैंक के ब्लैंक चेक मिलने से जांच एजेंसियां रकम के स्रोत और संभावित लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं।
लगातार हो रही बरामदगी से नेपाल में भारतीय मुद्रा के अवैध परिवहन और संभावित आर्थिक नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी है। हालिया मामले में नेपाल राष्ट्र बैंक अधिनियम, 2058 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है।