भारत से नेपाल भेजी जा रही डीएपी खाद, महराजगंज में सीमा पर तस्करी तेज
भारत-नेपाल सीमा पर डीएपी खाद की तस्करी तेजी से बढ़ रही है, जहां भारतीय बाजार में कमी के बावजूद खाद नेपाल भेजी जा रही है।
-1795863675554_m.webp)
सोनौली सीमा का मुख्यद्वार। फोटो- जागरण
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर डीएपी खाद की तस्करी में वृद्धि।
भारतीय बाजार में कमी के बावजूद खाद नेपाल भेजी जा रही।
कीमतों में भारी अंतर तस्करों के मुनाफे का कारण।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का नया खेल शुरू हो गया है। डीएपी खाद की बोरियां भी नेपाल भेजी जा रही हैं। भारतीय बाजार में खाद की किल्लत के बीच तस्कर दोनों देशों के बीच कीमतों के बड़े अंतर का फायदा उठाकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। सीमावर्ती गांवों से होकर गुजरने वाली पगडंडियां इस अवैध कारोबार का जरिया बन रही हैं।
भारतीय बाजार में डीएपी खाद की एक बोरी करीब 1400 रुपये में मिल रही है, जबकि नेपाल में इसकी कीमत लगभग 5000 रुपये तक पहुंच रही है। इस तरह प्रति बोरी करीब 3600 रुपये का अंतर होने से तस्करों को आकर्षक मुनाफा मिल रहा है।
इसी का फायदा उठाकर सीमावर्ती इलाकों में खाद को नेपाल पहुंचाने का खेल तेज होने की बात सामने आ रही है। तस्करी के लिए मुख्य मार्गों से बचते हुए गांवों के बीच स्थित पगडंडियों का सहारा लिया जा रहा है।
इन रास्तों से साइकिल और मोटरसाइकिल के जरिए छोटी-छोटी खेप में खाद की बोरियां सीमा पार पहुंचाई जा रही हैं। एक साथ बड़ी मात्रा में खाद ले जाने के बजाय अलग-अलग खेप में आवाजाही की जा रही है, जिससे निगरानी से बचा जा सके। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि भारतीय बाजार में पहले से ही डीएपी खाद की उपलब्धता प्रभावित है।
किसान जरूरत के मुताबिक खाद पाने के लिए समितियों और दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। ऐसे में घरेलू बाजार से खाद नेपाल भेजे जाने की गतिविधियां किसानों की मुश्किलें और बढ़ा सकती हैं। खाद की कमी के बीच इसकी तस्करी से सरकारी आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।
सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी के इस नए तरीके पर अंकुश लगाने के लिए पगडंडियों और गांवों से नेपाल जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि डीएपी की तस्करी का मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। हालांकि, सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।