Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    योगी सरकार ने एक दिन में 37.21 करोड़ पौधे रोपकर रचा इतिहास, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दिया धन्यवाद

    Updated: Wed, 09 Jul 2025 08:34 PM (IST)

    लखनऊ में योगी सरकार ने एक दिन में 37 करोड़ से ज़्यादा पौधे लगाकर इतिहास रच दिया। वन विभाग ने 2100 लोगों द्वारा एक साथ पौधा रोपने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सफलता के लिए प्रदेशवासियों को धन्यवाद दिया और लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की।

    Hero Image
    योगी सरकार ने एक दिन में 37.21 करोड़ पौधे रोप रचा इतिहास।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। हरियाली के लिए समर्पित योगी सरकार ने बुधवार को अपने सभी रिकार्ड ध्वस्त करते हुए एक दिन में 37 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर इतिहास रच दिया। शाम छह बजे तक लक्ष्य पाने के बाद 37.21 करोड़ पौधे लगा दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सफलता के लिए प्रदेशवासियों को धन्यवाद दिया है। वन विभाग ने एक स्थान पर एक साथ 2100 लोगों ने पौधा रोपकर गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। अभी तक यह रिकार्ड असम के नाम दर्ज था। वहां 17 सितंबर 2023 को 1239 लड़कियाें ने एक साथ पौधे लगाए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पौधारोपण महाभियान सुबह छह बजे से शुरू हुआ। प्रदेश के छह लाख स्थानों पर करीब साढ़े छह करोड़ लोग पौधारोपण अभियान में जुटे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बाराबंकी में त्रिवेणी (पीपल, बरगद, नीम) का रोपण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला की नगरी अयोध्या में त्रिवेणी, आजमगढ़ में हरिशंकरी (पीपल, बरगद, पाकड़) व गोरखपुर में हरिशंकरी का रोपण किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ में हरिशंकरी व ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में त्रिवेणी का रोपण किया। वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने मुख्यमंत्री के साथ अयोध्या व गोरखपुर में पौधा लगाया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने भी लखनऊ में पौधा लगाया।

    पौधारोपण महाभियान शुरुआत में धीमा रहा। पहले पौन घंटे यानी सुबह 6:45 बजे तक 10 हजार पौधे ही लग सके थे। इसके बाद तेजी आई और नौ बजे तक साढ़े पांच करोड़ से अधिक पौधे लग गए थे। दोपहर 12 बजे तक 17.57 करोड़ व एक बजे तक करीब 20 करोड़ पौधे लग गए थे। दिन में तीन बजे पौधारोपण का आंकड़ा बढ़कर 27 करोड़ से अधिक पहुंच गया था। शाम छह बजे लक्ष्य को पार करते हुए 27.09 करोड़ पौधे लग गए थे। शाम छह बजकर छह मिनट पर 37,21,40,925 पौधे लगाकर पुराने सभी रिकार्ड तोड़ दिए। वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने लक्ष्य प्राप्त करने पर हर्ष जताते हुए सभी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि अब हमारा फोकस इन पौधों को बचाने में रहेगा।

    मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने कहा क‍ि यह अभियान समाप्त नहीं हुआ है, यह तो हरियाली क्रांति की शुरुआत है। मैं सभी प्रदेशवासियों से अपील करता हूं कि आपने जो पौधा लगाया है उसे परिवार का सदस्य मानकर उसकी देखभाल करें। जब हर पौधा जीवित रहेगा तब यह संकल्प सार्थक होगा।

    सर्वाधिक लगे पांच प्रजातियों के पौधे

    शीशम-4,45,48,989

    सागौन-4,32,57,354

    जामुन-1,84,50,924

    अर्जुन-1,61,82,985

    अमरूद-1,53,33,140

    सर्वाधिक पौधे लगाने वाले पांच विभाग

    वन विभाग-14,05,87,234

    ग्राम विकास विभाग-13,12,99,341

    कृषि विभाग-4,15,10,285

    उद्यान विभाग-1,55,60,100

    पंचायतीराज विभाग-1,16,21,635

    सर्वाधिक पौधे लगाने वाले पांच जिले

    सोनभद्र-1,58,88,285

    झांसी-99,51,686

    लखीमपुर खीरी-96,75,100

    जालौन-95,66,224

    मीरजापुर-93,56,290

    योगी सरकार में कब कितने लगे पौधे

    वर्ष-पौधों की संख्या

    2017-5.72 करोड़

    2018-11.77 करोड़

    2019-22.60 करोड़

    2020-25.87 करोड़

    2021-30.53 करोड़

    2022-35.49 करोड़

    2023-36.16 करोड़

    2024-36.81 करोड़

    2025-37.21 करोड़

    comedy show banner
    comedy show banner