विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी एमएलसी चुनाव: भाजपा-सपा में कड़ी टक्कर, गोरखपुर से आगरा तक सीएम योगी ने संभाली कमान

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:33 PM (IST)Updated: Wed, 14 Oct 2026 09:23 AM (IST)

उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों पर भाजपा और सपा के बीच 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से आगरा तक स्वयं प्रचार कर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 11 एमएलसी सीटें 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभाली चुनाव प्रचार की कमान।

  3. भाजपा का लक्ष्य सभी सीटों पर क्लीन स्वीप करना।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों के लिए 72 जिलों तक सजे रणक्षेत्र में भाजपा और सपा के बीच वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल होगा। भाजपा ने चुनाव को नाक का सवाल बनाकर क्लीन स्वीप का लक्ष्य तय किया है। वहीं, सपा समीकरण एवं नैरेटिव के जरिए चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से लेकर आगरा तक सभी प्रत्याशियों के प्रचार में उतरकर चुनावी माइक्रोमैनेजमेंट को धार दे रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सात अक्टूबर को वाराणसी दौरे में एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। भाजपा ने वाराणसी खंड स्नातक से केदारनाथ सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जिनका मुकाबला सपा के एमएलसी आशुतोष सिन्हा से होगा। शिक्षक खंड में भाजपा के प्रमोद मिश्रा के सामने सपा के एमएलसी लाल बिहारी यादव हैं। 12 अक्टूबर को योगी ने गोरखपुर में 12 हजार शिक्षकों से संवाद किया।

17 जिलों के बीच चुनाव का बड़ा संदेश

गोरखपुर-अयोध्या खंड के 17 जिलों के बीच होने वाला चुनाव बड़ा संदेश देगा। भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के सामने सपा ने संजयन त्रिपाठी को उतारा है। चुनाव परिणाम का असर आजमगढ़, गोरखपुर एवं अयोध्या मंडल की विधान सभा सीटों पर पड़ेगा।

योगी ने 13 अक्टूबर को बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड के प्रत्याशी डाॅ. हरि सिंह ढिल्लो के पक्ष में सम्मेलन किया। 14 अक्टूबर को वाराणसी में एमएलसी स्नातक खंड एवं 15 को मिर्जापुर में शिक्षक खंड के प्रत्याशी के समर्थन में संवाद करेंगे।

प्रयागराज में डालेंगे डेरा

प्रयागराज-झांसी स्नातक खंड के प्रत्याशियों के लिए योगी 15 अक्टूबर को प्रयागराज में डेरा डालेंगे। यहां भाजपा ने अशोक कुमार राठौर को उतारा है, जिनके सामने सपा के एमएलसी डा. मान सिंह यादव हैं। चर्चा है कि शिक्षक नेता सुरेश त्रिपाठी को टिकट न मिलने से भाजपा का एक वर्ग सक्रिय नहीं हैं।

मुख्यमंत्री 16 अक्टूबर को आगरा में संवाद कर रणनीति बनाएंगे। यहां भाजपा के डाॅ. मानवेंद्र सिंह के सामने पद बरकरार रखने की चुनौती है। सपा ने शशांक यादव को टिकट दिया है। यहां जादौन क्षत्रियों की संख्या ज्यादा है। राज परिवार से संबंध रखने वाले अमरीशपाल सिंह जादौन निर्दलीय उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

शिक्षक वर्ग में भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी के सामने सपा ने आकाश अग्रवाल को टिकट दिया है। भाजपा से टिकट मांग रहे आकाश काफी समय से सक्रिय थे। मेरठ-सहारनपुर खंड के दोनों प्रत्याशियों दिनेश गोयल (स्नातक) एवं श्रीचंद शर्मा (शिक्षक) के प्रचार के लिए योगी 16 अक्टूबर को ही गाजियाबाद में रणनीति बनाएंगे।

विधान सभा चुनाव तक सुनाई देगी गूंज

मुख्यमंत्री 17 अक्टूबर को लखनऊ में सम्मेलन कर स्नातक सीट के प्रत्याशी अवनीश सिंह एवं शिक्षक सीट के उमेश द्विवेदी की रणनीति को धार देंगे। संगठन ने पन्ना प्रमुख की तर्ज पर मतदाता प्रमुख सक्रिय किए हैं। प्रत्येक प्रमुख पर 30 से 100 वोटों को बूथ तक पहुंचाने का जिम्मा होगा। माना जा रहा है कि चुनाव भले ही चंद सीटों का है, लेकिन 75 में से 72 जिलों से गुजरने की वजह से इसके नतीजे की गूंज विधान सभा चुनाव तक सुनाई दे सकती है।

यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव से तय होगा 2027 का रिपोर्ट कार्ड, विधायकों के प्रदर्शन को भी टिकट का आधार बनाएगी भाजपा

यह भी पढ़ें- मेरठ एमएलसी चुनाव: शिक्षक पद पर 11, स्नातक के लिए 10 ने ठोकी ताल, अंतिम दिन नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।