Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    चेहरा देखकर नहीं सभी के अच्छे की सोच के साथ काम करती है प्रदेश सरकार, गोरखपुर में बोले CM Yogi

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 09:14 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 8 वर्षों में 57 लाख लोगों को आवास स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं दी गयी हैं। गोरखपुर में दो कल्याण मंडपम का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि अब गरीब लोग सस्ती दरों पर शादी-ब्याह जैसे आयोजन कर सकेंगे।

    Hero Image
    चेहरा देखकर नहीं सभी के अच्छे की सोच के साथ काम करती है प्रदेश सरकार : योगी

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी सरकार अच्छी सोच के साथ काम करती है। वर्ष 2017 के पहले की सरकारों की सोच ऐसी नहीं थी। चेहरा देखकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाता था लेकिन भाजपा सरकार सभी को समान सुविधाएं दे रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हम सबका साथ, सबके विकास के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। 8वर्ष में 57 लाख लोगों को आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोड कनेक्टिविटी जैसी तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

    समाजवादी सरकार को घेरते हुए योगी ने कहा कि जब काम निर्माण के स्तर पर होता है तो थोड़ी बहुत परेशानी होती है। लेकिन कुछ लोगों को गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश के विकास और सुरक्षा के माहौल से चिढ़ होती है। जनता - जनार्दन ऐसे नकारात्मक लोगों को जवाब देगी।

    मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर के मानबेला में गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा मानबेला और राप्ती नगर विस्तार क्षेत्र में निर्मित दो कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम की शुरुआत को गरीबों के लिए सस्ती और सम्मानजनक सामुदायिक सुविधाओं की दिशा में बड़ा कदम बताया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पहले शादी-ब्याह जैसे पारिवारिक आयोजनों के लिए लोगों को महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब केवल ₹11,000 से ₹25,000 रुपये में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंडपम बुक किए जा सकेंगे।

    उन्होंने बताया कि अब तक नगर निगम और गोरखपुर विकास प्राधिकरण मिलकर पांच कल्याण मंडपम बना चुके हैं, अन्य प्रक्रिया में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने मुझे विधायक चुना, उसी पैसे में से 01.86 करोड़ लगाकर कल्याण मंडपम तैयार करवाया गया है। शेष राशि विकास प्राधिकरण ने दी। उन्होंने गोरखपुर विकास प्राधिकरण को इसके लिए धन्यवाद भी दिया।

    रामगढ़ताल और चिलुआताल को बताया विकास का केंद्र

    सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का रामगढ़ताल आज पर्यटन और शहरी सौंदर्यीकरण का मॉडल बन गया है। अब चिलुआताल को भी उसी दिशा में विकसित किया जा रहा है।

    बेहतर कनेक्टिविटी से बदला गोरखपुर का चेहरा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर से लखनऊ की दूरी अब महज तीन घंटे में पूरी की जा सकती है। पहले इसमें 07 से 08 घंटे लगते थे। उन्होंने बताया कि अब यहां सड़कों, ट्रेनों और मेडिकल सेवाओं की बेहतर कनेक्टिविटी लोगों की ज़िंदगी आसान बना रही है।

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आठ साल पहले तक गोरखपुर में इंसेफेलाइटिस के कहर से हजारों बच्चों की मौत होती थी, लेकिन अब ना केवल बीमारी का इलाज हुआ है, बल्कि बीमार मानसिकता वाले माफियाओं का भी उपचार हुआ है। आज गोरखपुर माफिया से मुक्त है। व्यापारी, बेटी और आमजन सभी सुरक्षित हैं।

    योजनाओं में नहीं देखा जाता चेहरा या पार्टी

    मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। आज तक 57 लाख से अधिक गरीबों को आवास मिला, वह भी बिना चेहरा या पार्टी देखे। उन्होंने बताया कि अब हर गरीब को आयुष्मान भारत योजना या मुख्यमंत्री राहत कोष से निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

    फर्टिलाइजर कारखाना बना विकास का प्रतीक

    सीएम योगी ने याद दिलाया कि पिछली सरकारों ने जो फर्टिलाइजर कारखाना बंद कर दिया था, उसे दोबारा चालू किया गया है। जो अब गोरखपुर के विकास का प्रतीक बन गया है।