विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सुलतानपुर में पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से युवती व किसान की मौत, पावर कारपोरेशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

By Vrinda SrivastavaEdited By:
Published: Wed, 27 Jul 2022 04:55 PM (IST)

खेत में काम करने गए किसान व एक युवती की खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत ...और पढ़ें

पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से युवती व किसान की मौत.
पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से युवती व किसान की मौत.

सुलतानपुर, संवादसूत्र। तमरसेपुर गांव में खेत में काम करने गए किसान व एक युवती की खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बचाने गए एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित परिवारजन की तरफ से तहरीर देकर पावर कारपोरेशन के जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

कसईपुर गांव निवासी विजय गौतम ने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान बुधवार की सुबह खेत में काम करने जा रही थी। रास्ते में लगे बिजली के पोल के सहारे खेत से मेड़ पर चढ़ रही थी। पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गिर गई और तड़पने लगी। खेत की रखवाली कर रहे किसान राम अनुज तिवारी व राम अवतार तिवारी मुस्कान को बचाने के लिए दौड़ पड़े। दोनों हाथ पकड़कर घसीटने लगे तो वे भी गंभीर रूप से झुलस गए।

घटनास्थल से कुछ दूर स्थित बाग में मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए। मामले की जानकारी पुलिस व उनके परिवारजन को दी गई। तीनों झुलसे लोगों को इलाज के लिए प्रतापपुर कमैचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने राम अनुज व मुस्कान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां दोनों की मौत हो गई।

दामन बचाने में जुटा पावर कारपोरेशन : इस घटना के बाद पावर कारपोरेशन के जिम्मेदार अपना दामन बचाने में जुट गए हैं। चांदा बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता मनीष वर्मा ने बताया कि एक किसान ने खेत में झटका मशीन लगा रखा है। तकनीकी खामी के कारण उसमें हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा है। उसके चपेट में आने से तीनों लोग झुलसे हैं। खंभे में कोई करंट नहीं उतर रहा था।

पावर कारपोशन के खिलाफ शिकायत : मुस्कान के पिता विजय गौतम ने पावर कारपोरेशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने संबंधी तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र शुक्ल ने बताया की विधिक कार्रवाई की जा रही है। लम्भुआ के उपजिलाधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व टीम को गांव में जांच पड़ताल के लिए भेजा गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।