Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ‘जिसने जंग टाली है, समझो उसने जंग हारी है’, मिल्कीपुर उपचुनाव टलने पर अखिलेश ने भाजपा पर कसा तंज

    Updated: Wed, 16 Oct 2024 02:03 AM (IST)

    मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की तिथि घोषित नहीं होने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिसने जंग टाली है समझो उसने जंग हारी है। सपा ने अजीत प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है लेकिन उन पर अपहरण का मामला दर्ज है। इसके अलावा सपा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुस्लिम बहुल सीटों पर अपनी तैयारियों के साथ उतरेगी।

    Hero Image
    सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा कि जिसने जंग टाली है, समझो उसने जंग हारी है।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की तिथि घोषित नहीं किए जाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा का नाम लिए बिना तंज कसा है। सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा कि जिसने जंग टाली है, समझो उसने जंग हारी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सपा ने मिल्कीपुर विधानसभा सीट से फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट वर्ष 2022 के चुनाव में सपा के अवधेश प्रसाद ने जीती थी। 

    बेटे को टिकट दिलाने में कामयाब हुए अवधेश

    इस साल हुए लोकसभा चुनाव में अवधेश प्रसाद भाजपा के लल्लू सिंह को हराकर सांसद बने हैं। उनके सांसद बनने के बाद मिल्कीपुर सीट रिक्त हुई थी। अवधेश प्रसाद अपने बेटे अजीत प्रसाद को सपा से टिकट दिलाने में कामयाब हो गए। हालांकि, अजीत प्रसाद पर अपहरण का मामला पुलिस ने दर्ज किया है।

     

    अयोध्या की फैजाबाद लोकसभा सीट से हुई हार ने भाजपा को बड़ा झटका दिया था। सपा अध्यक्ष अवधेश प्रसाद को आगे रखकर भाजपा पर हमला बोल रहे हैं। अब उपचुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर और कटेहरी विधानसभा सीट की जिम्मेदारी स्वयं ली है। 

    अखिलेश यादव जहां मिल्कीपुर में गुटबाजी रोकने के लिए खुद कमान संभाल रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार मिल्कीपुर जाकर अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं।

    महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक मतदाताओं पर सपा की नजर

    महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी मुस्लिम बहुल सीटों पर अपनी तैयारियों के साथ उतरेगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 और 19 अक्टूबर को दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करके महाराष्ट्र के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। महाराष्ट्र में इस समय सपा के दो विधायक हैं।

    सपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस वाले महाअघाड़ी गठबंधन से 12 सीटें मांगी हैं। इसमें मुंबई की मानकोर शिवाजी नगर, भायखला, वर्सोवा, ठाणे की भिवंडी पूर्व और भिवंडी पश्चिम, धुले, औरंगाबाद और मालेगांव सीटें भी शामिल हैं। 

    मानकोर शिवाजी नगर सीट से महाराष्ट्र के सपा प्रदेश अध्यक्ष अबु आजमी और भिवंडी पूर्व से रईस शेख ने पिछले चुनाव में जीत दर्ज की थी। धुले सीट के एनसीपी (अजित पवार ) के कई पदाधिकारियों ने पिछले दिनों सपा की सदस्यता ले ली है। 

    अखिलेश यादव 18 अक्टूबर को मालेगांव और 19 को धुले में होने वाली जनसभा में शामिल होंगे। महाराष्ट्र चुनाव के लिए सपा ने दो माह पहले ही अनुभवी नेता व विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, जौनपुर के मलहनी के विधायक लकी यादव, केराकत के विधायक तूफानी सरोज और कौशाम्बी के मंझनपुर के विधायक इंद्रजीत सरोज को महाराष्ट्र का चुनाव प्रभारी बनाया है।

    यह भी पढ़ें: सामने आया मिल्कीपुर का रहस्य, इस वजह से नहीं हुआ चुनाव का एलान… गोरखनाथ बाबा से बड़ा कनेक्शन!

    यह भी पढ़ें: UP Election: उपचुनाव की मझधार में अकेले उतरेगी बसपा की नैया, मायावती ने कर दिया एलान