Weather News Lucknow: लखनऊ में अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में दस्तक देगी गुलाबी ठंड, प्रदूषण बढ़ा
Lucknow Weather Update Today पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 21 अक्टूबर तक मौसम ऐसा ही खुशगवार रहेगा। आखिरी हफ्ते में हल्की ठंड दस्तक देगी।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। राजधानी में आसमान साफ होने के साथ ही दिन के समय हो रही धूप से गर्मी भी बढ़ रही है। वही रात के समय तापमान कम होने के बाद हवा में सिहरन भी होने लगती है। मौसम विभाग के अनुसार 21 अक्टूबर तक मौसम यूं ही खुशगवार बना रहेगा। तापमान में भी एक-दो डिग्री से अधिक फर्क नहीं देखा जाएगा। हालांकि अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में गुलाबी ठंड दस्तक दे सकती है।
प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी दर्ज
बारिश के बाद से आसमान साफ रहा, लेकिन इसके कारण प्रदूषण के स्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 108 पर दर्ज किया गया था। वहीं, सोमवार को एक्यूआइ स्तर 103 पर था। 100 से ऊपर एक्यूआइ वायु प्रदूषण के स्तर को पीले रंग से सचेत करने की गवाही देता है। आगामी सप्ताह में यह स्तर सौ के आसपास ही बना रह सकता है।
लगातार गिर रहा न्यूनतम तापमान
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं के चलने से दिन के समय 92% आद्रता मौसम में बनी रही। इसके कारण अधिक गर्मी का एहसास नहीं हुआ। प्रदेश की बात की जाए तो ज्यादातर जिलों में तापमान 32 डिग्री के आसपास ही दर्ज किया गया।
सबसे अधिक तापमान कानपुर में 33.1 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 33 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहा। सबसे कम तापमान लखीमपुर खीरी में 17.1 डिग्री सेल्सियस और मेरठ में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी समेत प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा हवाओं के चलने से आद्रता बनी रह सकती है लेकिन बारिश के आसार नहीं है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।