UP Weather: यूपी में तेजी से बदला मौसम, लखनऊ में रुक-रुक कर बारिश, कई शहरों सुबह से छाये बादल, ठंडी हवाओं से गिरा पारा
UP Weather Alert And Update Today यूपी में शुक्रवार को दस जिलों में हुई बारिश के बाद लखनऊ में भी बूंदाबांदी जारी है। इससे मौसम में नमी बढ़ने के साथ पारा भी गिरा है। जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। यूपी के पश्चिमी जिलों में आज बारिश की संभावना के बीच तेजी से मौसम बदलने का अनुमान है। वहीं बारिश के बाद धुंध भी छाने लगी है।

जेएनएन, लखनऊ। यूपी में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। लखनऊ में जहां शुक्रवार देर रात से शुरु हुआ बारिश का क्रम शनिवार सुबह तक रुक रुक कर अलग अलग इलाकों में रहा वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाये रहे। जिससे मौसम में नमी बढ़ने के साथ ठंड में भी इजाफा हुआ है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश के उत्तराखंड से सटे जिलों में तेज हवायें चलने से तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और कासगंज में कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी ने मौसम बदल दिया है। आज भी पश्चिम यूपी के जिलों में बारिश के आसार हैं।
लखनऊ में बारिश के बाद सुबह छाई धुंध
लखनऊ बारिश के साथ ही ठंड बढ़ गई है। शनिवार भोर बारिश होने से पटाखा व्यवसाय करने वालों की नींद उड़ गई। आज सुबह बारिश थमने के बाद से धुंध छाई हुई है और लोग गर्म कपड़े में दिखने लगे हैं। शनिवार सुबह लोग उठे तो देखा कि सड़क पानी से भीग चुकी थी। ऐसे में दिवाली पर दुकान लगाने वाले सामान को व्यवस्थित करने में लगे थे।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बढ़ी नमी, आसमान में छाई धुंध
शुक्रवार को शहर के आसमान पर धुंध की चादर एक बार फिर फैल गई है। इसकी वजह जमीन की सतह पर तापमान में कमी और 500 मीटर की ऊंचाई पर अधिक तापमान को ही माना जा रहा है। इस बार मौसम में बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है जिसने वातावरण में नमी बढ़ा दी है। मौसम ने शुक्रवार की सुबह से ही अचानक बदलाव के संकेत दिखाने शुरू कर दिए।
आसमान में धुंध फैलने से सूरज की गर्मी भी कम हो गई। इसकी वजह से दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री से घटकर 29.5 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को हवा की औसत गति भी 1.5 किमी प्रति घंटा की बनी रही। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है।
इसका असर हवा में नमी के बढ़ते स्तर के रूप में दिखाई दिया है। एक दिन पहले नमी का जो न्यूनतम स्तर 35 प्रतिशत पर था वह बढ़कर 54 प्रतिशत हो गया है। इससे दिन के तापमान में कमी आई है। जमीन की सतह पर कम तापमान और आसमान की ऊंचाई पर अधिक तापमान की स्थिति में धुंध का निर्माण हो रहा है। यह स्थिति अगले दो से तीन दिन तक बनी रह सकती है। हालांकि 11 नवंबर को हल्की बूंदाबांदी और वर्षा के संकेत हैं। अगर बारिश हुई तो धुंध का असर कम हो जाएगा।
तराई के आसमान पर उमड़े बादल, बूंदाबांदी
मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया है। सुबह से ही आसमान पर बादल उमड़ने लगे। कुछ देर बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई। धूप नहीं खिलने की वजह से वातावरण में ठंड बढ़ने के आसार हैं। तराई के जिले में गुरुवार की रात में तो आसमान पूरी तरह से साफ रहा लेकिन शुक्रवार को सुबह पहले तो हल्की धूप खिली लेकिन फिर अचानक आसमान पर बादल उमड़ने लगे। देखते ही देखते पूरा आसमान बादलों से आच्छादित हो गया। इससे धूप गायब हो गई। साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि तराई के मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है। नवंबर और दिसंबर के महीने में इस तरह के पश्चिमी विक्षोभ आते रहते हैं। जिसका असर विशेष रूप से पर्वतीय के साथ ही तराई के क्षेत्रों में अधिक रहता है। डा. ढाका के अनुसार फिलहाल कोई खास बरसात होने की संभावना नहीं है। अलबत्ता तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।