मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर की स्क्रीन सुखा रही आंखों का पानी, डॉक्टर पर्चे पर लिख रहे कृत्रिम आंसू
KGMU: किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में रोज 18 से 30 वर्ष के युवा भी सूखी आंख की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।

किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) , नेत्र रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ अरुण शर्मा
HighLights
केजीएमयू की ओपीडी में रोज पहुंच रहे करीब 70-75 ड्राई आई के प्रकरण
18 से 30 वर्ष के युवाओं की संख्या 30 से 40
आंखों में नमी के लिए लेना पड़ रहा नकली आंसू का सहारा
मनीषा गोस्वामी, लखनऊ। लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर की स्क्रीन की कीमत आंखों को चुकानी पड़ रही है। घंटों स्क्रीन पर नजर टिकाए रखने से पलकें झपकने की सामान्य प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इससे आंखों की प्राकृतिक नमी छीन रही है।
आंखों में सूखेपन, जलन और चुभन की बढ़ती शिकायतों के बीच कृत्रिम आंसू लोगों को कृत्रिम आंसू का सहारा लेना पड़ रहा है। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में रोज 18 से 30 वर्ष के युवा भी सूखी आंख की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
इनको राहत देने के लिए डाक्टर पर्चे पर कृत्रिम आंसू ( लुब्रिकेटिंग आई ड्राप) लिख रहे हैं। ये आई ड्राप आंखों में आंसुओं की कमी पूरी कर नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, स्क्रीन देखते समय पलकें कम झपकाने से आंखों की सतह जल्दी सूखने लगती है। ऐसे में कृत्रिम आंसू आंखों को चिकनाई देने के साथ जलन, चुभन और किरकिरापन कम करने में मदद करते हैं।
केजीएमयू के नेत्र रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ अरुण शर्मा ने बताया कि इसकी चपेट में आने वालों में सर्वाधिक संख्या युवाओं की है। सूखी आंख की समस्या लेकर ओपीडी में रोज करीब 70 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें 30-40 मरीज 18 से 30 उम्र वर्ग के होते है। सभी को कृत्रिम आंसू (लुब्रिकेटिंग आई ड्राप) लिखना पड़ता है। कोरोना काल से पहले 18 से 30 वर्ष के करीब 22 से 31 मरीज रोजाना पहुंचते थे। वर्तमान में इसी आयु वर्ग के 30 से 40 मरीज रोजाना आ रहे। करीब 40 फीसदी मामले बढ़े हैं।
क्या है कृत्रिम आंसू
कृत्रिम आंसू विशेष प्रकार के आई ड्राप होते हैं, जो आंखों में प्राकृतिक आंसुओं की कमी पूरी कर नमी और चिकनाई बनाए रखते हैं। इनमें कार्बोक्सीमिथाइलसेलुलोज और सोडियम हायलूरोनेट जैसे तत्व होते हैं। ये आंखों को सूखने से बचाते हैं और जलन, चुभन व किरकिरापन कम करते हैं।
आंखों में ऐसे काम करता है कृत्रिम आंसू
आंखों पर आंसुओं की एक पतली परत होती है, जो आंखों को नम रखती है और उसकी सतह को सुरक्षित रखने में मदद करती है। जब स्क्रीन देखते समय पलकें कम झपकती हैं या आंसू पर्याप्त मात्रा में नहीं बनते, तो यह परत जल्दी टूटने या सूखने लगती है। ऐसे में कृत्रिम आंसू आंखों की सतह पर नमी की परत बनाकर इस कमी को पूरा करने में मदद करते हैं। इससे आंखों का घर्षण कम होता है और सूखेपन से होने वाली परेशानी में राहत मिलती है।
दस प्रतिशत हो रहे गंभीर
दस फीसदी पीड़ितों को नकली आंसू के साथ साइक्लोस्पोरिन सहारा लेना पड़ रहा है। ओपीडी में आने वाले करीब पांच से दस फीसदी मरीजों को कृत्रिम आंसुओं के साथ साइक्लोस्पोरिन जैसी विशेष आई ड्राप भी दी जाती हैं। यह दवा आंखों में सूजन को कम करने और आंसू बनने की प्रक्रिया को बेहतर करने में मदद करती है। इसका इस्तेमाल मरीज की स्थिति के अनुसार किया जाता है।
बचाव के लिए 20-20-20 की टिप्स
प्रोफेसर डॉ अरुण शर्मा ने बताया कि जो लोग स्क्रीन से दूरी नहीं बना सकते। उन्हें स्क्रीन पर काम करते समय 20-20-20 नियम अपनाना चाहिए। हर 20 मिनट स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकंड का ब्रेक लेकर करीब 20 फीट दूर रखी किसी वस्तु को देखना चाहिए। इसके साथ ही काम के दौरान पलकें झपकाते रहना भी जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।