भारत में बढ़ा डायबिटीज का खतरा: उत्तर प्रदेश की 18% आबादी प्री-डायबिटीज का शिकार
भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या 10.1 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
भारत में डायबिटीज के मरीज 10.1 करोड़ से अधिक हुए।
उत्तर प्रदेश की 18% आबादी प्री-डायबिटीज से प्रभावित है।
जीवनशैली में बदलाव से मधुमेह के खतरे को कम करें।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। देश में डायबिटीज के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वर्ष 2019 में करीब सात करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित थे, जबकि अब यह संख्या 10.1 करोड़ से अधिक हो गई है। उत्तर प्रदेश में डायबिटीज का प्रसार 4.8 प्रतिशत है, लेकिन प्रदेश की करीब 18 प्रतिशत आबादी प्री-डायबिटीज की स्थिति में है। यानी हर एक डायबिटीज मरीज के मुकाबले करीब चार लोगों में आगे चलकर मधुमेह होने की आशंका है।
इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च (आइसीएमआर) के अध्ययन के अनुसार, देश में कम से कम 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से प्रभावित हैं। यह कुल आबादी का 15.3 प्रतिशत है। इन लोगों के रक्त में शुगर का स्तर सामान्य से अधिक है। जीवनशैली और खानपान में बदलाव न होने पर इनमें से बड़ी संख्या डायबिटीज की चपेट में आ सकती है।अध्ययन ब्रिटिश मेडिकल जर्नल लैंसेट में प्रकाशित हुआ है।
कहां क्या स्थिति?
डायबिटीज के सबसे अधिक मामले गोवा में 26.4 प्रतिशत, पुडुचेरी में 26.3 प्रतिशत और केरल में 25.5 प्रतिशत हैं। राष्ट्रीय औसत 11.4 प्रतिशत है। तमिलनाडु, केरल, गोवा और चंडीगढ़ में प्री-डायबिटीज के मुकाबले डायबिटीज के मरीज अधिक हैं, जिससे संकेत मिलता है कि वहां बीमारी का प्रसार एक स्तर पर स्थिर होने लगा है।
इसके विपरीत, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में आने वाले वर्षों में मामले तेजी से बढ़ने की आशंका है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी प्री-डायबिटीज के मामले डायबिटीज से काफी अधिक हैं।
केजीएमयू के फिजियोलाजी विभाग के पूर्व प्रोफेसर और डीन प्रो. नरसिंह वर्मा के मुताबिक, मधुमेह जीवनशैली से जुड़ी बीमारी है और केवल दवाओं से इसे ठीक करना संभव नहीं। जीवनशैली में बदलाव से स्वयं और आने वाली पीढ़ियों को इसके खतरे से बचाया जा सकता है। प्रो वर्मा के अनुसार कुछ बातों को ध्यान रखकर मधुमेह से बचा जा सकता है।
- रात का भोजन शाम करीब सात बजे करें।
- धीरे-धीरे खाते हुए हर छोटा कौर 20-25 बार चबाएं। थोड़ा-थोड़ा और कई बार भोजन करें।
- एक बार में भरपेट न खाएं। भोजन के साथ पानी न पिएं, इसे पहले या बाद में लें।
- मीठा, शक्कर, गुड़, राब और तली चीजों से परहेज करें।
- फल, सब्जी और सलाद लें, लेकिन फल सीमित मात्रा में खाएं। सुबह का नाश्ता जरूर करें।
- दिन में दो बार 30 मिनट व्यायाम करें। अपनी दिनचर्या के अनुसार साइकिल चलाना, पैदल चलना, दौड़ना, बगीचे में काम या खेल चुना जा सकता है।
- तनाव नियंत्रित रखें और अच्छी नींद लें। दवाएं चिकित्सकीय परामर्श से लें और हर दो माह में चिकित्सक से सलाह करें।
- ग्लूकोमीटर की जांच का रिकॉर्ड बनाकर चिकित्सक को दिखाएं। पैरों की देखभाल करें और सप्ताह में एक बार शीशे के सामने उनकी जांच करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।