यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अयोध्या में मंदिर आंदोलन के नायक रहे अशोक सिंहल व कल्याण सिंह के नाम पर वार्ड, डीएम ने भेजा प्रस्ताव
राठहवेली का नाम शहीद वीर अब्दुल हमीद के नाम पर तथा बेगमगंज गढ़ैया वार्ड का नाम आंबेडकरनगर हुआ है। सआदतगंज ...और पढ़ें

अयोध्या, [प्रवीण तिवारी]। नगर निगम के नए परिसीमन व वार्डों के नामकरण में बड़ा बदलाव हुआ है। राम मंदिर आंदोलन के नायकों में शामिल विहिप के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंहल, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जैसी हस्तियों के नाम से भी यहां के वार्डों का नामकरण किया गया है। इसके अलावा मंदिर आंदोलन के सूत्रधारों में रहे महंत अभिरामदास के नाम से भी वार्ड बनाया गया है।
अहम बात यह है कि यहां वार्डों के नामकरण में प्रयुक्त होने वाले नवाबकालीन नामों व शब्दावली को हटा दिया गया है। जिला प्रशासन ने नए सिरे से नगर निगम का परिसीमन कर इसे शासन को भेज दिया है, जिसमें कुल 60 वार्ड हैं। बहूबेगम वार्ड अब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम से जाना जाएगा। मंदिर आंदोलन के शलाका पुरुष महंत रामचंद्र परमहंस के नाम पहले से ही वार्ड है। परिवर्तन के अंतर्गत दिल्ली दरवाजा वार्ड का नाम बदल कर विक्रमादित्य नगर किया गया है।
राठहवेली का नाम शहीद वीर अब्दुल हमीद के नाम पर तथा बेगमगंज गढ़ैया वार्ड का नाम आंबेडकरनगर हुआ है। सआदतगंज वार्ड को समाप्त कर इसे दो वार्ड में बांट दिया गया है। इसका आधा हिस्सा सरदार भगत सिंह वार्ड व आधा अटलनगर में शामिल किया गया है। फतेहगंज वार्ड का परिवर्तित नाम जय प्रकाश नारायण वार्ड है। साहबगंज वार्ड, आचार्य नरेंद्रदेव तथा हैदरगंज वार्ड को समाप्त कर नानकपुरा कर दिया गया है। हैदरगंज वार्ड अब नानकपुरा के नाम से पहचाना जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, अयोध्या की तरह ही सरकार प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी वार्डों के नाम बदलने पर विचार कर रही है।
