Waqf के नाम पर सरकारी जमीनों पर कब्जा, 450 निर्माण जमींदोज; UP के सीमावर्ती जिलों में Bulldozer Action!
UP Waqf Board | उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में वक्फ बोर्ड की आड़ में सरकारी संपत्तियों पर कब्जे का खुलासा हुआ है। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद सरकार ने नेपाल सीमा से सटे जिलों में अभियान चलाकर 450 से अधिक अवैध कब्जों को हटाया है। लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक सरकारी संपत्तियों पर वक्फ बोर्ड का दावा किया गया है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में वक्फ बोर्ड की आड़ में कई सरकारी संपत्तियों पर कब्जे किए गए हैं। राजस्व विभाग की रिपोर्ट में इसका राजफाश हुआ है। इसके बाद सरकार के निर्देश पर नेपाल सीमा से सटे जिले बहराइच, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, पीलीभीत, श्रावस्ती व सिद्धार्थ नगर में अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चलाकर 450 से अधिक कब्जों को हटाया जा चुका है। साथ ही अन्य कब्जों को चिह्नित किया जा रहा है।
राजस्व विभाग ने नेपाल सीमा से सटे जिलों के जिलाधिकारियों से वक्फ बोर्ड की संपत्तियों की रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट के अनुसार लखीमपुर खीरी में 1792 सरकारी संपत्तियों पर वक्फ बोर्ड की संपत्ति होने का दावा किया गया है। बहराइच में 904, सिद्धार्थ नगर में 793, पीलीभीत में 738, महाराजगंज में 371, श्रावस्ती में 271 व बलरामपुर में 35 सरकारी संपत्तियों पर वक्फ की संपत्ति का दावा किया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर की जा रही कार्रवाई
इसी रिपोर्ट के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड से संबंंधित संपत्तियों की जांच कराई गई तो ज्यादातर संपत्तियां राजस्व रिकॉर्ड में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों के रूप में दर्ज ही नहीं है। नतीजतन सरकार के निर्देश पर संबंधित जिलों के जिला प्रशासन ने नए सिरे से सभी संपत्तियों की जांच कर सरकारी भूमि से कब्जे हटाने का अभियान शुरू किया है।
दो सप्ताह पहले शुरू किए गए अभियान के तहत अभी तक 450 से अधिक कब्जों को हटाया जा चुका है। इनमें से ज्यादातर संपत्तियों पर कब्जा करके मदरसे व धार्मिक स्थलों का निर्माण किया गया था। राजस्व विभाग ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुलिस व अन्य विभागों का सहयोग लेकर सभी सरकारी संपत्तियों को कब्जा मुक्त किया जाए। साथ ही हर सप्ताह उसकी रिपोर्ट भी शासन को भेजी जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।