Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देखो अपना देश-पीपल्स चॉइस-2024 महाभियान शुरू, अपने पसंदीदा पर्यटन स्थलों के लिए करें वोट

    Updated: Thu, 21 Nov 2024 08:36 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने देखो अपना देश-पीपल्स चॉइस-2024 महाभियान की शुरुआत की है। इस महाभियान के तहत लोग 25 नवंबर तक अपने पसंदीदा पर्यटन स्थलों के लिए ऑनलाइन वोट कर सकते हैं। लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन हजरतगंज में हनुमान मंदिर के बगल बड़ा इमामबाड़ा रेजिडेंसी चिड़ियाघर पर्यटन मंत्री के कैंप कार्यालय यूपी दर्शन पार्क लखनऊ विश्वविद्यालय पर्यटन भवन गोमतीनगर में सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं।

    Hero Image
    अपने पसंदीदा पर्यटन स्थलों के लिए करें वोट - प्रतीकात्मक तस्वीर।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि प्रदेश के लोग अपने पसंदीदा पर्यटन स्थलों के लिए वोटिंग कर सकते हैं। इसके लिए पर्यटन मंत्रालय की तरफ से ’देखो अपना देश-पीपल्स चाइस-2024’ महाभियान शुरू किया गया है। प्रदेश में 25 नवंबर तक लोग इस महाभियान के तहत पर्यटन स्थलों को लेकर आन लाइन वोटिंग कर सकते हैं। केंद्र सरकार की कोशिश है कि लोगों की राय लेकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, हजरतगंज में हनुमान मंदिर के बगल, बड़ा इमामबाड़ा, रेजिडेंसी, चिड़ियाघर, पर्यटन मंत्री के कैंप कार्यालय, यूपी दर्शन पार्क, लखनऊ विश्वविद्यालय, पर्यटन भवन गोमतीनगर में सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां लोग क्यूआर कोड स्कैन कर अपने पसंदीदा पर्यटन स्थलों को वोट दे सकते हैं। दूसरे क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी सेल्फी व रील्स पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि गुरुवार को महाभियान के तहत कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, असीम अरुण व अरुण कुमार सक्सेना ने भी सोनभद्र जिले में स्थित सलखन जीवाश्म पार्क को अपना वोट दिया है। सलखन में मानव जीवन उत्पत्ति का प्रमाण मिलता है। यहां लगभग 1,400 मिलियन वर्ष पुराने जीवाश्म हैं। इसे यूनेस्को की सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

    पर्यटकों को मिलेगी आठ सीटर विमान की सुविधा

    उत्तर प्रदेश में पर्यटकों को अब पहली बार आठ सीटर छोटे विमानों से पर्यटन स्थलों की यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पहले चरण में लखनऊ से दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के लिए 25 नवंबर से यह सुविधा शुरू करने की तैयारी युद्ध स्तर पर की जा रही है। इसे लेकर जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ पर्यटन विभाग के बीच गुरुवार को करार हो गया। लखनऊ से दुधवा के बीच 226 किलोमीटर की हवाई यात्रा के लिए पांच हजार रुपये देने होंगे।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पर्यटन विभाग ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से भी जोड़ने की प्रक्रिया पर तेजी के साथ काम शुरू कर दिया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण के साथ ही विभिन्न शहरों से शुरू की गई आधा दर्जन से ज्यादा सीधी हवाई सेवाएं बंद होने के बाद पर्यटन विभाग ने योजना में बदलाव किया है। अब बड़े विमानों के बजाय प्रदेश में पहली बार पर्यटकों के लिए छोटे विमानों की सेवाएं देने की तैयारी की जा रही है।